बरेली। देवरनिया क्षेत्र में मंगलवार शाम सीएनजी गैस से भरे टाटा 407 लोडर ने ओवरटेक के प्रयास में बरेली पुलिस की फील्ड यूनिट की गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी। इसके बाद लोडर सड़क किनारे पलट गया और वहां खड़े एक युवक को चपेट में ले लिया। युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि फील्ड यूनिट के प्रभारी इंस्पेक्टर समेत दो पुलिसकर्मी घायल हो गए।
हादसा मंगलवार शाम करीब 5:50 बजे देवरनिया थाना क्षेत्र के कनमन के पास हुआ। सीएनजी गैस से भरा टाटा 407 लोडर बहेड़ी से बरेली की ओर आ रहा था। बताया जा रहा है कि चालक रोहित ने आगे चल रहे एक टेंपो को ओवरटेक करने की कोशिश की। इसी दौरान लोडर अनियंत्रित होकर आगे चल रही बरेली पुलिस की फील्ड यूनिट की गाड़ी से जा टकराया।
बात कर रहे थे दो युवक, एक के ऊपर पलटा लोडर
हादसे वाली जगह पर सिंहतारा गांव निवासी रिजवान और करन खड़े होकर आपस में बात कर रहे थे। पुलिस की गाड़ी में टक्कर मारने के बाद लोडर पलट गया और रिजवान उसके नीचे दब गए। गंभीर चोट लगने से रिजवान की मौके पर ही मौत हो गई।
फील्ड यूनिट के प्रभारी समेत दो घायल
टक्कर इतनी तेज थी कि पुलिस की फील्ड यूनिट की गाड़ी में सवार प्रभारी इंस्पेक्टर ईलम सिंह और कांस्टेबल शत्रुसूदन भी घायल हो गए। दोनों के सिर में चोट लगी है। उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उनका उपचार कराया जा रहा है।
चालक हिरासत में, टाटा 407 पुलिस के कब्जे में
हादसे की सूचना मिलते ही देवरनिया पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दुर्घटनाग्रस्त टाटा 407 को कब्जे में लेने के साथ चालक रोहित को हिरासत में ले लिया गया है। पुलिस हादसे की परिस्थितियों की जांच कर आगे की कार्रवाई कर रही है।