UP NEWSहोमगार्ड भर्ती की दौड़ में घायल अभ्यर्थी

बरेली। सरकारी नौकरी की उम्मीद लेकर फर्रुखाबाद से बरेली पहुंचे दो युवकों के लिए शनिवार की होमगार्ड भर्ती दौड़ मुश्किल बन गई। स्पोर्ट्स स्टेडियम में दौड़ के दौरान एक अभ्यर्थी को दसवें चक्कर में अचानक चक्कर आ गया और वह ट्रैक पर गिर पड़ा। वहीं दूसरे युवक के पैर की हड्डी चटक गई। दोनों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल ले जाया गया।

फर्रुखाबाद जिले के फतेहगढ़ क्षेत्र के गांव बागड़िया निवासी 25 वर्षीय सुरजीत सिंह होमगार्ड भर्ती में किस्मत आजमाने बरेली आए थे। सुरजीत के मुताबिक वह दौड़ के दसवें चक्कर में थे। इसी दौरान अचानक उन्हें चक्कर आया। संभलने का मौका मिलता, उससे पहले ही वह ट्रैक पर गिर गए। सुरजीत के गिरते ही वहां मौजूद पुलिसकर्मी उनके पास पहुंचे। हालत देखते हुए उन्हें एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा गया। सुरजीत स्नातक तक पढ़े हैं और यह उनकी दूसरी भर्ती थी। लंबे समय से नौकरी की तलाश कर रहे सुरजीत को इस बार होमगार्ड भर्ती से काफी उम्मीद थी, लेकिन दौड़ पूरी न कर पाने से उन्हें निराशा हाथ लगी।

पैर से आई चटकने की आवाज, जमीन पर गिर गए युवराज

इसी भर्ती दौड़ में फर्रुखाबाद के नवाबगंज थाना क्षेत्र के नगला हीरा सिंह निवासी 20 वर्षीय युवराज सिंह भी घायल हो गए। युवराज ने बताया कि वह दौड़ पूरी करने की कोशिश कर रहे थे। इसी बीच अचानक पैर में तेज दर्द उठा और हड्डी चटकने जैसी आवाज सुनाई दी। इसके बाद वह दौड़ नहीं सके और ट्रैक पर गिर पड़े। युवराज को भी एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जांच के दौरान उनके पैर में फ्रैक्चर होने की बात सामने आई।

पहली भर्ती में ही लगा बड़ा झटका

बीएससी कर चुके युवराज पहली बार किसी भर्ती प्रक्रिया में हिस्सा लेने पहुंचे थे। उनके पिता ज्योति सिंह किसान हैं। पढ़ाई पूरी करने के बाद युवराज सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे हैं। होमगार्ड भर्ती को उन्होंने रोजगार हासिल करने के एक मौके के रूप में देखा था, मगर पहली ही भर्ती में पैर में फ्रैक्चर होने से उनकी उम्मीदों को फिलहाल झटका लगा है।

पुलिसकर्मियों ने दोनों को पहुंचाया अस्पताल

स्पोर्ट्स स्टेडियम में भर्ती प्रक्रिया के दौरान तैनात पुलिसकर्मियों ने दोनों अभ्यर्थियों के घायल होने के बाद तुरंत मदद की। एंबुलेंस बुलाकर उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया गया। एक ही जिले से नौकरी की आस लेकर बरेली पहुंचे दोनों युवकों के लिए शनिवार की भर्ती दौड़ दर्द और निराशा लेकर आई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *