बरेली। फतेहगंज पूर्वी थाना क्षेत्र के टिसुआ गांव में शनिवार सुबह नेशनल हाईवे पर दर्दनाक हादसा हो गया। दोस्त की बाइक लेकर सड़क पार कर रहे 15 वर्षीय छात्र अनमोल को बरेली की ओर से आ रहे अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में छात्र की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बाकरगंज गांव निवासी 15 वर्षीय अनमोल कक्षा 10 का छात्र था। शनिवार सुबह वह अपने दोस्त के साथ कोचिंग पढ़ने टिसुआ गया था। बताया गया कि कोचिंग के दौरान उसका दोस्त बाइक खड़ी कर पानी पीने चला गया। इसी बीच अनमोल ने बाइक स्टार्ट कर ली और हाईवे पार करने लगा।
इसी दौरान बरेली की ओर से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि अनमोल गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर फतेहगंज पूर्वी थाना पुलिस भी पहुंच गई।
पांच बहनों में सबसे छोटा था अनमोल
अनमोल पांच बहनों में सबसे छोटा था और परिवार में उसका एक भाई भी है। उसके माता-पिता नोएडा में निजी नौकरी करते हैं। हादसे की सूचना उन्हें दे दी गई है। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसा करने वाले वाहन और उसके चालक के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।