बरेली। सिरौली थाना क्षेत्र के गांव अंजनी में गुरुवार सुबह तेज आंधी और बारिश के बीच बड़ा हादसा हो गया। एक पुराने खाली मकान की जर्जर कच्ची दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। मलबे में दबकर 60 वर्षीय महिला सुदामा देवी और 7 वर्षीय रजा राम की मौत हो गई, जबकि एक 7 वर्षीय बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद गांव में चीख-पुकार मच गई।
बारिश के बीच खेल रहे थे बच्चे, अचानक भरभराकर गिरी दीवार
प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव निवासी फूलसिंह की 7 वर्षीय बेटी रिया 60 वर्षीय सुदामा देवी के साथ घर के बाहर बरामदे के पास खेल रही थी। इसी दौरान पड़ोसी राजाराम का 7 वर्षीय बेटा रजा राम भी वहां खेल रहा था। बताया जा रहा है कि लगातार बारिश के कारण प्रताप और रामकिशोर के खाली पड़े पुराने मकान की ईंटों से बनी दीवार जर्जर हो चुकी थी। गुरुवार सुबह तेज हवा और बारिश के दौरान दीवार अचानक तीनों के ऊपर गिर गई।
मलबे में दबे तीनों, दो की मौत से मचा कोहराम
दीवार गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर दौड़े और तत्काल मलबा हटाना शुरू किया। ग्रामीणों ने तीनों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक सुदामा देवी और 7 वर्षीय रजा राम की मौत हो चुकी थी। वहीं रिया गंभीर रूप से घायल मिली।
गंभीर हालत में बच्ची जिला अस्पताल रेफर
ग्रामीणों ने घायल रिया को आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिरौली पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
पुलिस-प्रशासन पहुंचा मौके पर, जांच शुरू
हादसे की सूचना मिलते ही सिरौली थाना पुलिस और तहसील प्रशासन मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी के अनुसार खाली पड़े जर्जर मकान की दीवार गिरने से हादसा हुआ है और मामले की जांच की जा रही है।
जर्जर मकानों पर कार्रवाई की मांग, गांव में पसरा मातम
हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जर्जर और खाली पड़े मकानों को चिन्हित कर तत्काल कार्रवाई करने के साथ ही पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।