बरेली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिन पर ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी ने उन्हें बधाई दी। मौलाना ने प्रधानमंत्री की लंबी उम्र की कामना करते हुए उनके शासनकाल की सराहना की। साथ ही पीएम मोदी से भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों को लेकर भी एक खास अपील की।
145 करोड़ लोगों के हितों का ध्यान रखने की उम्मीद
मौलाना शहाबुद्दीन रजवी ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश की 145 करोड़ जनता के हितों को ध्यान में रखते हुए आगे भी काम करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार को सभी वर्गों के लोगों के लिए काम करते हुए उनके हितों का ध्यान रखना चाहिए।
पीएम मोदी के शासनकाल की तारीफ
रजवी बरेलवी ने प्रधानमंत्री मोदी के शासनकाल की सराहना करते हुए कहा कि इस दौरान भारत का नाम पूरी दुनिया में रोशन हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुस्लिम देशों के साथ भी अच्छे रिश्ते कायम किए हैं। उनके मुताबिक, यही वजह है कि प्रधानमंत्री जब मुस्लिम देशों की यात्रा पर जाते हैं तो वहां उनका जोरदार स्वागत किया जाता है।
मुख्यमंत्रियों को लेकर पीएम मोदी से कही बड़ी बात
मौलाना ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सलाह देते हुए कहा कि उन्हें भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों को हिदायत देनी चाहिए कि वे लोगों के दिलों को जोड़ने का काम करें। उन्होंने कहा कि सभी समुदायों के बीच भरोसा कायम रहना जरूरी है। इसके लिए ऐसा माहौल बनाया जाना चाहिए, जिसमें हर वर्ग खुद को सुरक्षित और सम्मानित महसूस करे।
बोले- सभी समुदायों का भरोसा कायम रहना जरूरी
रजवी बरेलवी ने कहा कि देश की तरक्की के लिए आपसी भाईचारा और सामाजिक सौहार्द जरूरी है। उन्होंने प्रधानमंत्री को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि केंद्र सरकार सभी वर्गों के हितों को ध्यान में रखकर आगे भी काम करती रहेगी।