बरेली। गणेश चतुर्थी पर मूर्ति विसर्जन यात्रा को लेकर यातायात पुलिस ने बड़ा डायवर्जन प्लान जारी कर दिया है। 18 से 20 सितंबर तक रामगंगा नदी में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में विसर्जन के दौरान जाम और यातायात की परेशानी से बचाने के लिए शहर में भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक रहेगी। यह व्यवस्था 18 सितंबर की सुबह छह बजे से 20 सितंबर की रात आठ बजे तक लागू रहेगी।
इन रास्तों से शहर में घुसना भारी वाहनों के लिए बंद
यातायात पुलिस के मुताबिक परसाखेड़ा रोड नंबर-1, विल्वा, विलयधाम, लालपुर कट, नवदिया झादा, ट्रांसपोर्टनगर, सेटेलाइट तिराहा, बुखारा मोड़ और रामगंगा तिराहे से शहर की तरफ जाने वाले सभी प्रकार के भारी वाहन प्रतिबंधित रहेंगे। यानी इन रास्तों से भारी वाहन सीधे शहर की ओर नहीं आ सकेंगे।
दिल्ली-रामपुर-नैनीताल से बरेली आने वालों को इस रास्ते से मिलेगी एंट्री
दिल्ली, रामपुर, नैनीताल और पीलीभीत की तरफ से बरेली आने वाले भारी वाहनों के लिए वैकल्पिक रास्ता तय किया गया है। ऐसे वाहन झुमका तिराहा से परसाखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र रोड नंबर-1 और बड़े बाईपास से इन्वर्टिस तिराहा होते हुए ट्रांसपोर्टनगर तक आ-जा सकेंगे। वाहन चालकों को इसी निर्धारित रूट का इस्तेमाल करना होगा।
लखनऊ जाना है तो शहर में घुसने की जरूरत नहीं
इन इलाकों से आने वाले जिन भारी वाहनों को लखनऊ की तरफ जाना है, उन्हें झुमका तिराहा से विल्वा, विलयधाम और इन्वर्टिस तिराहा होकर भेजा जाएगा। वापसी में भी यही रास्ता इस्तेमाल करना होगा। इससे शहर के अंदर भारी वाहनों की आवाजाही कम रखने की कोशिश की गई है।
बदायूं जाने वालों का भी बदलेगा रास्ता
दिल्ली, नैनीताल और पीलीभीत रोड की तरफ से आने वाले भारी वाहनों को अगर बदायूं जाना है तो उन्हें बड़ा बाईपास, इन्वर्टिस तिराहा, फरीदपुर और दातागंज होकर जाना होगा। बरेली से बदायूं जाने वाले भारी वाहनों के लिए भी यही रूट निर्धारित किया गया है।
देवचरा से भी रामगंगा की तरफ नहीं जा सकेंगे भारी वाहन
बरेली-बदायूं मार्ग पर देवचरा चौराहा, बुखारा मोड़ और चौपला पुल से रामगंगा की ओर जाने वाले सभी प्रकार के भारी वाहनों पर प्रतिबंध रहेगा। बदायूं से बरेली आने वाले भारी वाहन देवचरा चौराहा से दातागंज, फरीदपुर और बड़ा बाईपास होते हुए ट्रांसपोर्टनगर तक आ सकेंगे।
तीन दिन तक डायवर्जन, निकलने से पहले रूट जरूर देख लें
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि 18 से 20 सितंबर के बीच बरेली में भारी वाहन लेकर निकलने से पहले निर्धारित डायवर्जन का ध्यान रखें। गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ और जुलूस के कारण यातायात प्रभावित हो सकता है। ऐसे में प्रतिबंधित रास्तों पर पहुंचने से बचने के लिए वैकल्पिक मार्ग का इस्तेमाल करना होगा।
एसपी ट्रैफिक ने बताया क्यों लिया गया फैसला
एसपी ट्रैफिक मो. अकमल खान ने बताया कि गणेश चतुर्थी मूर्ति विसर्जन के दौरान रामगंगा की ओर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए भारी वाहनों का डायवर्जन किया गया है। उन्होंने वाहन चालकों से निर्धारित मार्गों का पालन करने की अपील की है।