बरेली। महंगी कार और बाइक के साथ अब नंबर भी खास चाहिए। इसके लिए वाहन मालिक हजारों नहीं, एक लाख रुपये तक खर्च करने को तैयार हैं। परिवहन विभाग की नई EX सीरीज में वीआईपी और आकर्षक नंबरों को लेकर जबरदस्त क्रेज देखने को मिला। 9999 नंबर एक लाख रुपये में लिया गया, जबकि 0777 के लिए वाहन मालिक ने 50 हजार रुपये खर्च किए। दूसरे आकर्षक नंबरों पर भी अच्छी रकम खर्च की गई है।
जिले में लग्जरी कारों के साथ महंगी बाइकों का क्रेज लगातार बढ़ रहा है। खासकर युवा अपनी बाइक के लिए ऐसा नंबर चाहते हैं जो सड़क पर अलग नजर आए। यही वजह है कि पसंदीदा नंबर के लिए 25 हजार, 50 हजार और यहां तक कि एक लाख रुपये तक खर्च किए जा रहे हैं। वीआईपी नंबर लेने की अंतिम तारीख 15 सितंबर थी। परिवहन विभाग की एक सीरीज में 0001 से 9999 तक नंबर होते हैं। एक सीरीज पूरी होने के बाद अगली सीरीज शुरू होती है। सरकारी विभागों के लिए आरक्षित वाहनों की अलग जी सीरीज होती है, जिसमें वीआईपी नंबर जारी नहीं किए जाते।
इन नंबरों की कीमत सीधे एक लाख रुपये
चार पहिया वाहनों के लिए 0001 से 0009, 0786, 1111, 2222, 3333, 4444, 5555, 7777, 8888 और 9999 जैसे खास नंबरों की निर्धारित कीमत एक लाख रुपये है। बाइक के लिए इसी श्रेणी के नंबर 20 हजार रुपये में उपलब्ध होते हैं। वहीं 0010, 0011, 0022, 0033, 0044, 0055, 0066, 0077, 0088, 0099, 0100, 0200, 0300, 0333, 0400, 0444, 0500, 0555, 0600, 0666, 0700, 0777, 0800, 0888, 0900, 0999, 1000, 1100, 2000, 2200, 3000, 3300, 4000, 4400, 5000, 5500, 6000, 6600, 7000, 7700, 8000, 8800, 9000 और 9900 जैसे नंबर चार पहिया वाहन के लिए 50 हजार रुपये की श्रेणी में हैं। बाइक के लिए इनकी निर्धारित कीमत 10 हजार रुपये है। इसके अलावा अन्य आकर्षक नंबर कारों के लिए 15 से 25 हजार और बाइक के लिए तीन से पांच हजार रुपये की श्रेणी में उपलब्ध हैं।
बरेली में 2525 का अलग जलवा, हर सीरीज में सबसे पहले नजर
वीआईपी नंबरों की दौड़ में बरेली का 2525 नंबर खास है। जिले का परिवहन कोड यूपी 25 होने के कारण 2525 की मांग हर सीरीज में रहती है। वर्ष 2019 से अब तक आई करीब 100 सीरीज में यह नंबर लगातार पसंद किया गया है। इसकी निर्धारित कीमत 15 हजार रुपये होने के बावजूद नई सीरीज खुलते ही इसे लेने की होड़ रहती है। खास नंबर हासिल करने की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन है। वर्ष 2019 से पहले ऐसे नंबर अपेक्षाकृत आसानी से मिल जाते थे, लेकिन इसके बाद अलग-अलग श्रेणी बनाकर उनकी कीमत निर्धारित कर दी गई। मांग अधिक होने पर नीलामी की प्रक्रिया से नंबर आवंटित किए जाते हैं। इससे परिवहन विभाग को भी अतिरिक्त राजस्व मिल रहा है। आरटीओ प्रशासन पंकज सिंह के मुताबिक, वीआईपी नंबरों के लिए अलग-अलग दरें निर्धारित हैं। 0001 से 0009 समेत 0786, 1111, 2222, 3333, 4444, 5555, 7777, 8888 और 9999 जैसे नंबरों की कीमत चार पहिया वाहनों के लिए एक लाख रुपये है।