UP NEWSप्रतीकात्मक चित्र

बरेली। इज्जतनगर क्षेत्र की एक विवाहिता ने ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का कहना है कि शादी के बाद से ही उस पर दहेज के लिए दबाव बनाया गया और ससुराल में चल रहे कथित देह व्यापार में शामिल होने के लिए मजबूर किया गया। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट और मानसिक उत्पीड़न किया गया। महिला की शिकायत पर पुलिस ने पति समेत 11 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

प्रेम विवाह के बाद शुरू हुआ दहेज का दबाव

महिला के मुताबिक करीब तीन साल पहले उसने इज्जतनगर निवासी उवैस से प्रेम विवाह किया था। आरोप है कि शादी के बाद सास, ससुर, पति और अन्य ससुराल वाले उसे ताना देने लगे कि वह दहेज लेकर नहीं आई है। महिला का आरोप है कि ससुराल वाले उससे कहते थे कि उनके घर में देह व्यापार का काम होता है और उसे भी इसमें शामिल होना पड़ेगा।

पिता ने कर्ज लेकर दिया दहेज, फिर मांगी बुलेट और एक लाख रुपये

महिला ने इसकी शिकायत अपने मजदूर पिता से की। आरोप है कि पिता ने कर्ज लेकर ससुराल वालों की मांग पूरी की, लेकिन कुछ समय बाद फिर बुलेट मोटरसाइकिल और एक लाख रुपये नकद की मांग की जाने लगी। महिला ने मांग पूरी करने से इनकार किया तो विवाद बढ़ गया।

कमरे में बंद कर विवाहिता और भाई को पीटने का आरोप

शिकायत के अनुसार 25 जून की रात करीब नौ बजे ससुराल वालों ने महिला के साथ मारपीट की और उसे कमरे में बंद कर दिया। जानकारी मिलने पर उसका भाई उसे बचाने पहुंचा तो आरोप है कि उसके साथ भी मारपीट की गई और मोबाइल छीनकर उसे कमरे में बंद कर दिया गया। जानकारी मिलने पर महिला की मां वहां पहुंची और काफी मिन्नतों के बाद दोनों को बाहर निकाला।

घर से निकालकर दी जान से मारने की धमकी

महिला का आरोप है कि इसके बाद उसके ममिया ससुर और ससुर ने उसके साथ फिर मारपीट की। बाद में महिला, उसकी मां और भाई को घर से बाहर निकाल दिया गया। आरोप है कि ससुराल वालों ने बुलेट और एक लाख रुपये लाए बिना वापस आने पर जान से मारने की धमकी दी।

देह व्यापार में धकेलने का विरोध करने पर प्रताड़ना का आरोप

महिला ने आरोप लगाया कि पति और सास उस पर दूसरे पुरुषों के साथ संबंध बनाने और देह व्यापार में शामिल होने का दबाव बनाते हैं। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की जाती है, खाना-पीना नहीं दिया जाता और मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता है। पुलिस ने महिला की तहरीर के आधार पर पति समेत 11 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *