बरेली। किला क्षेत्र के रेती मोहल्ले में मंदिर को लेकर जबरदस्त हंगामा हो गया। आरोप है कि पड़ोस के एक परिवार के लोग लाठी-डंडे और सरिया लेकर मंदिर पहुंचे और तोड़फोड़ शुरू कर दी। मंदिर में मौजूद लोगों ने विरोध किया तो उनके साथ मारपीट की गई। घटना के बाद मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही किला पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
रेती निवासी प्रदीप गुप्ता उर्फ रिंकू पुत्र स्वर्गीय नंदकिशोर गुप्ता ने पुलिस को बताया कि वह मंदिर की साफ-सफाई और देखरेख करते हैं। उनका आरोप है कि पड़ोस में रहने वाले राजकुमार की पत्नी अशोक कुमारी, बेटे दीपू कश्यप, कुशल कश्यप उर्फ जीतू, धनेश्वर कश्यप उर्फ धीरज और बहू रेश्म लाठी-डंडे व सरिया लेकर मंदिर पहुंचे।
मंदिर में तोड़फोड़ का विरोध किया तो मारपीट
आरोप है कि मंदिर पहुंचने के बाद तोड़फोड़ शुरू कर दी गई। वहां मौजूद लोगों ने इसका विरोध किया तो विवाद और बढ़ गया। प्रदीप का आरोप है कि उनके साथ ही मंदिर में मौजूद अन्य लोगों से भी मारपीट की गई, जिसमें कई लोगों को चोटें आईं। शोर-शराबा सुनकर मोहल्ले के लोग जमा हो गए और मामला तूल पकड़ गया।
गणेश प्रतिमा स्थापित होने से पहले भड़का विवाद
प्रदीप के मुताबिक सोमवार को मंदिर में भगवान गणेश की प्रतिमा स्थापित की जानी थी। आरोप है कि पड़ोस के लोग प्रतिमा स्थापना का विरोध कर रहे थे। इसी को लेकर पहले विवाद हुआ और फिर मामला तोड़फोड़ व मारपीट तक पहुंच गया। घटना की सूचना पर किला थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों पक्षों और आसपास के लोगों से घटना की जानकारी ली है। आरोपों की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच और प्राप्त तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।