नई दिल्ली। टीवी अभिनेत्री और ‘लॉक अप’ फेम आकांक्षा चमोला एक बार फिर अपने बयान को लेकर चर्चा में हैं। वेब सीरीज ‘दिल, धोखा और डिजायर’ में दिए गए बोल्ड और इंटीमेट सीन्स को लेकर सोशल मीडिया पर उन्हें जमकर ट्रोल किया गया था। कुछ यूजर्स ने उनके शो को ‘सॉफ्ट पोर्न’ और ‘भाभी पोर्न’ तक कह दिया। अब अभिनेत्री ने इन टिप्पणियों पर खुलकर जवाब दिया है।
‘अगर शो इतना खराब था तो नंबर वन कैसे हुआ?’
Mashable India को दिए इंटरव्यू में आकांक्षा से उनके बोल्ड सीन्स और उन पर लगे बी-ग्रेड कंटेंट में काम करने के आरोपों को लेकर सवाल किया गया। इस पर अभिनेत्री ने कहा कि अगर लोगों को उनका शो पसंद नहीं था तो फिर उसे इतनी बड़ी संख्या में देखा किसने और वह नंबर वन कैसे बन गया। आकांक्षा ने कहा कि उन्हें एक कलाकार के तौर पर जो किरदार और दृश्य दिए गए, उन्होंने उन्हें पूरी ईमानदारी से निभाया। उनके मुताबिक किसी के सोशल मीडिया पर कुछ कह देने भर से कोई शो बी-ग्रेड या अश्लील नहीं हो जाता।
‘पुरुष रोमांस करे तो सवाल क्यों नहीं?’
अभिनेत्री ने महिला कलाकारों को बोल्ड सीन्स के लिए निशाना बनाए जाने पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि स्क्रीन पर पुरुष कलाकार रोमांटिक दृश्य करता है तो उसे अलग नजरिए से देखा जाता है, जबकि महिला कलाकार को ट्रोलिंग का सामना करना पड़ता है। उन्होंने साफ कहा कि स्क्रीन पर वह केवल अपने किरदार के मुताबिक अभिनय कर रही थीं। आकांक्षा ने यह भी कहा कि उन्होंने अकेले भारतीय सभ्यता की जिम्मेदारी नहीं ले रखी है। अगर इस तरह के कंटेंट पर सरकार रोक लगाती है या दर्शक इसे देखना बंद कर देते हैं तो ऐसे शो बनने भी बंद हो जाएंगे।
गौरव खन्ना से रिश्ते को लेकर भी रही हैं चर्चा में
आकांक्षा चमोला ने वर्ष 2016 में अभिनेता गौरव खन्ना से शादी की थी। करीब एक दशक बाद उन्होंने ‘लॉक अप’ में अपने वैवाहिक रिश्ते को खत्म करने की घोषणा कर सभी को चौंका दिया था। इसके बाद से उनकी निजी जिंदगी भी लगातार सुर्खियों में रही है। अब वेब सीरीज के इंटीमेट सीन्स और उन पर हुई ट्रोलिंग को लेकर दिया गया उनका जवाब चर्चा में आ गया है।