बरेली। कैंट क्षेत्र में शराब के लिए रुपये देने से मना करने पर युवक को उसके ही जान-पहचान के लोगों ने बेरहमी से पीट दिया। आरोप है कि पहले काम के बहाने घर से कुछ दूर बुलाया, फिर नदी किनारे ले जाकर चार लोगों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। मारपीट में युवक के चेहरे और शरीर के कई हिस्सों में चोटें आईं। जाते-जाते आरोपी जान से मारने की धमकी भी दे गए। पीड़ित की तहरीर पर कैंट पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
काम के बहाने बुलाया और नदी किनारे ले गए
मोहनपुर मसीतगंज निवासी गुड्डू के मुताबिक, 9 सितंबर की रात करीब साढ़े नौ बजे उसकी जान-पहचान का परवेश निवासी मोहनतलाब, पुराना शहर अपने साथी कुवैद निवासी तिलहर, शाहजहांपुर और दो अन्य लोगों के साथ उसके पास आया। आरोप है कि परवेश और उसके साथियों ने गुड्डू से कुछ काम होने और बात करने की बात कही और उसे अपने साथ चलने के लिए कहा। गुड्डू उनके साथ घर से कुछ दूरी तक चला गया। आरोप है कि इसके बाद चारों उसे बहाने से नदी किनारे ले गए।
शराब के लिए मांगे रुपये, इनकार पर टूट पड़े
पीड़ित का आरोप है कि नदी किनारे पहुंचते ही आरोपियों ने उससे शराब पीने के लिए रुपये मांगे। गुड्डू ने रुपये देने से मना कर दिया। इस बात पर आरोपी भड़क गए और उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। आरोप है कि देखते ही देखते चारों ने लाठी-डंडों से गुड्डू की पिटाई शुरू कर दी। हमले में उसके चेहरे समेत शरीर के कई हिस्सों में चोटें आईं। इसके बाद आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देकर मौके से भाग गए।
थाने पहुंचा तो पुलिस ने कराया मेडिकल
घटना के बाद गुड्डू कैंट थाने पहुंचा। पुलिस ने उसका मेडिकल कराया। पीड़ित के मुताबिक, चोटों का इलाज कराने के कारण वह तत्काल मुकदमा दर्ज कराने की कार्रवाई पूरी नहीं कर सका। उपचार के बाद 12 सितंबर को उसने कैंट थाने में तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर परवेश, कुवैद और दो अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। मामले की जांच की जा रही है।