sरामगंगा का निरीक्षण करते डीएम व अन्य अधिकारी

बरेली। पहाड़ों से लेकर मैदानी इलाकों तक लगातार हो रही भारी बारिश के बीच नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ने लगा है। बरेली में रामगंगा नदी भी उफान पर है। हालात की गंभीरता को देखते हुए सोमवार को जिलाधिकारी अविनाश सिंह खुद स्थिति का जायजा लेने रामगंगा पहुंचे। एसडीएम सदर इशिता किशोर के साथ उन्होंने नाव से नदी और आसपास के तटीय क्षेत्रों का निरीक्षण किया। प्रशासन ने संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ाने के साथ राहत एवं बचाव टीमों को सतर्क कर दिया है।

रामगंगा के आसपास के कई तटीय क्षेत्र पहले से बाढ़ के असर का सामना कर रहे हैं। अब लगातार बारिश और नदी में बढ़ते पानी ने चिंता और बढ़ा दी है। प्रशासन ने राहत-बचाव से जुड़ी टीमों को सक्रिय कर दिया है। अधिकारियों को क्षेत्र में लगातार नजर रखने और किसी भी आपात स्थिति की सूचना तत्काल देने को कहा गया है।

नाव से नदी के बीच पहुंचे डीएम, देखा पानी का बहाव

जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने नाव से रामगंगा नदी क्षेत्र का निरीक्षण कर जलस्तर और पानी के बहाव की स्थिति देखी। उन्होंने अधिकारियों से नदी के मौजूदा जलस्तर के साथ बाढ़ प्रभावित और संवेदनशील क्षेत्रों की जानकारी ली। तटीय इलाकों में पानी बढ़ने की स्थिति में प्रशासन की तैयारियों को भी परखा। डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नदी के जलस्तर पर लगातार नजर रखी जाए। संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी और मजबूत की जाए, ताकि हालात बिगड़ने पर तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया जा सके। संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ पूरी तरह अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं।

रातभर बरसे बादल, शहर में घुटनों तक पानी

बरेली में रविवार दोपहर करीब दो बजे शुरू हुई बारिश रातभर जारी रही। मूसलाधार बारिश से सोमवार को शहर के कई इलाके जलमग्न हो गए। कई स्थानों पर दोपहर तक घुटनों तक पानी भरा रहा। सड़कें और गलियां पानी में डूबने से लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा। नगर निगम की टीमें जलनिकासी में जुटी हैं। वहीं लगातार बारिश के बाद नदियों के उफान पर आने से अब तटीय क्षेत्रों में भी खतरा बढ़ गया है। प्रशासन की नजर खासतौर पर रामगंगा किनारे के संवेदनशील इलाकों पर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *