गुरुग्राम। लगातार हो रही भारी बारिश ने गुरुग्राम की रफ्तार थाम दी है। शहर के कई इलाकों में जलभराव, ट्रैफिक जाम और बिजली व्यवस्था प्रभावित होने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थिति को देखते हुए गुरुग्राम पुलिस ने निजी कंपनियों और कॉर्पोरेट संस्थानों से कर्मचारियों को वर्क फ्रॉम होम (WFH) की सुविधा देने की अपील की है।
पिछले करीब पांच घंटे से रुक-रुककर हो रही बारिश के कारण शहर की प्रमुख सड़कें पानी में डूब गई हैं। सेक्टर-23ए में पेड़ गिरने से बिजली के तार क्षतिग्रस्त हो गए, जिससे कई इलाकों में बिजली आपूर्ति और यातायात दोनों प्रभावित हुए। वहीं आईएमटी मानेसर चौक पर भारी जाम लगने से औद्योगिक क्षेत्रों में माल ढुलाई भी प्रभावित हो रही है।
पुलिस ने जारी की एडवाइजरी
गुरुग्राम पुलिस ने एडवाइजरी जारी कर नागरिकों से केवल आवश्यक होने पर ही घरों से बाहर निकलने की अपील की है। पुलिस ने कहा कि लगातार बारिश के चलते शहर की मुख्य सड़कों और चौराहों पर जलभराव और ट्रैफिक जाम की आशंका बनी हुई है। पुलिस ने सभी निजी कंपनियों और कॉर्पोरेट संस्थानों से अनुरोध किया है कि 6 अगस्त 2026 को अपने कर्मचारियों को वर्क फ्रॉम होम की सुविधा दें। इससे सड़कों पर वाहनों की संख्या कम होगी और एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड तथा अन्य आपातकालीन सेवाओं की आवाजाही सुचारू बनी रहेगी।
24 घंटे में यहां हुई सबसे ज्यादा बारिश
पिछले 24 घंटे के दौरान गुरुग्राम जिले में कई स्थानों पर अच्छी बारिश दर्ज की गई।
- सोहना – 110 मिमी
- गुरुग्राम तहसील – 97 मिमी
- कादीपुर – 74 मिमी
- हरसारू – 74 मिमी
- वजीराबाद – 55 मिमी
- मानेसर – 54 मिमी
- बादशाहपुर – 13 मिमी
- फरुखनगर – 7 मिमी
- पटौदी – 6 मिमी
लगातार बारिश के कारण प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है। लोगों से मौसम सामान्य होने तक सावधानी बरतने और प्रशासन की एडवाइजरी का पालन करने की अपील की गई है।





Leave a Reply