bareillyमामले का खुलासा करते एसपी उत्तरी व गिरफ्त में दोनों आरोपी।

बरेली। पहले सवारी बनकर ऑटो बुक किया… रास्ते भर उसे लूटने के लिए सुनसान जगह तलाशते रहे और मौका मिलते ही चालक के सिर पर दो किलो का लोहे का बाट मार दिया। इसके बाद गले में गमछा कसकर चालक को सड़क पर गिराया और ऑटो लेकर फरार हो गए। इस लूट का भोजीपुरा पुलिस ने रविवार को खुलासा करते हुए दो सगे भाइयों विशाल उर्फ छोटू और भारत रत्न को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक उनका तीसरा साथी शिवम फरार है। एसपी उत्तरी मुकेश मिश्रा ने प्रेसवार्ता में वारदात का खुलासा किया।

वारदात 27 अगस्त की रात की है। सुभाषनगर के सनिया धन सिंह निवासी सग्गन ऑटो चलाते हैं। पुलिस के मुताबिक सेमीखेड़ा निवासी विशाल उर्फ छोटू, उसका भाई भारत रत्न और शिवम बाइक से बरेली पहुंचे थे। यहां तीनों के दिमाग में ऑटो लूटने का ख्याल आया। सिटी स्टेशन पर उन्होंने सग्गन का ऑटो जादौपुर तक जाने के लिए 500 रुपये में बुक किया। शिवम और भारत रत्न ऑटो में सवारी बनकर बैठ गए, जबकि विशाल बाइक लेकर पीछे लग गया।

रास्ते भर तलाशते रहे मौका, जादौपुर पहुंचकर बदलवा दिया रूट

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी ऑटो में बैठे-बैठे ऐसी जगह तलाशते रहे, जहां चालक पर हमला करने के बाद आसानी से फरार हो सकें। जादौपुर पहुंचने के बाद उन्होंने चालक को वसुंधरा ढाल से शेरगढ़ की ओर जाने वाले रास्ते पर चलने के लिए तैयार कर लिया। रात और सुनसान रास्ता देखकर आरोपियों को मौका मिल गया। पुलिस के मुताबिक सुनसान जगह पहुंचते ही शिवम ने थैले में रखा करीब दो किलो का लोहे का बाट निकाला और पीछे से चालक के सिर पर वार कर दिया। उसी दौरान भारत रत्न ने सग्गन के गले में गमछा डालकर पीछे की ओर खींच दिया। अचानक हुए हमले से ऑटो रुक गया और घायल चालक सड़क पर गिर पड़ा। इसके बाद दोनों ऑटो लेकर भाग निकले। विशाल बाइक से उनके पीछे-पीछे चलता रहा।

लूट का ऑटो सड़क पर नहीं, अपनी ही दुकानों में कर दिया गायब

वारदात के बाद आरोपी ऑटो लेकर सीधे सेमीखेड़ा पहुंचे। पुलिस का दावा है कि विशाल और भारत रत्न ने लूटे गए ऑटो को अपनी दुकानों के अंदर छिपा दिया। उनकी योजना कुछ दिन मामला शांत होने का इंतजार करने और फिर ऑटो को ठिकाने लगाने की थी। उधर चालक की शिकायत पर भोजीपुरा पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। रविवार तड़के आरोपियों ने लूटे गए ऑटो को ठिकाने लगाने की तैयारी की। पुलिस के मुताबिक तीनों सेमीखेड़ा से बरौर जाने वाले रास्ते पर पेट्रोल पंप के पास इकट्ठा हुए थे। इसी दौरान भोजीपुरा पुलिस ने घेराबंदी कर विशाल उर्फ छोटू और भारत रत्न को रात करीब 2:12 बजे दबोच लिया। पुलिस की भनक लगते ही शिवम मौके से भाग निकला। उसकी तलाश में दबिश दी जा रही है।

लूटा ऑटो मिला, साथ में तमंचा और तीन कारतूस भी

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सग्गन का लूटा गया ऑटो यूपी 25 जेटी 0829 बरामद कर लिया। तलाशी में 315 बोर का एक तमंचा और तीन जिंदा कारतूस भी मिले। इसके बाद दोनों भाइयों के खिलाफ आर्म्स एक्ट में अलग मुकदमा दर्ज किया गया। लूट के मुकदमे में भी बरामदगी के आधार पर बीएनएस की अन्य धाराएं बढ़ाई गई हैं। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि विशाल, भारत रत्न और शिवम बेरोजगार हैं। पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने मौज-मस्ती और नशे के लिए रुपये जुटाने के मकसद से वारदात की योजना बनाई थी। ऑटो को लूटने के बाद बेचकर या दूसरे तरीके से ठिकाने लगाने की तैयारी थी, लेकिन उससे पहले ही पुलिस उन तक पहुंच गई।

दोनों भाइयों का पहले भी पुलिस से पड़ चुका है पाला

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक विशाल उर्फ छोटू और भारत रत्न के खिलाफ देवरनियां थाने में वर्ष 2025 में भी मारपीट, धमकी समेत बीएनएस की विभिन्न धाराओं और दहेज प्रतिषेध अधिनियम में मुकदमा दर्ज है। अब दोनों पर भोजीपुरा थाने में लूट और आर्म्स एक्ट के मुकदमे भी दर्ज हो गए हैं। रविवार को एसपी उत्तरी मुकेश मिश्रा ने प्रेसवार्ता कर पूरे मामले का खुलासा किया। आरोपियों को पकड़ने वाली टीम में भोजीपुरा प्रभारी निरीक्षक कुंवर बहादुर सिंह, उपनिरीक्षक विवेक कुमार, तनवेश कुमार, हेड कांस्टेबल इरशाद हुसैन और कांस्टेबल नवीन कुमार व नितिन कुमार शामिल रहे। पुलिस अब तीसरे आरोपी शिवम की तलाश में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *