बरेली। प्रेम प्रसंग के बाद महज चार माह पहले शादी कर नई जिंदगी शुरू करने वाली विवाहिता की शनिवार देर शाम संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। महिला का शव फंदे पर लटका मिला। प्रारंभिक जांच में घटना से पहले पति-पत्नी के बीच विवाद की बात सामने आई है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्रेम प्रसंग के बाद चार माह पहले हुई थी शादी
मध्य प्रदेश के इंदौर की रहने वाली आलिया का देवरनियां थाना के मोहल्ला हिसामुद्दीन वार्ड नंबर-13 निवासी नन्हा मिस्त्री के बेटे साजिद से प्रेम प्रसंग था। करीब चार माह पहले दोनों ने प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद आलिया पति साजिद के साथ देवरनियां में ही रह रही थी। पुलिस के मुताबिक, शनिवार देर शाम आलिया का पति से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके कुछ समय बाद उसका शव फंदे पर मिला। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार और आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई और पुलिस को सूचना दी गई।
सीओ और फील्ड यूनिट ने खंगाला घटनास्थल
सूचना पर सीओ अरुण कुमार और देवरनियां थाना प्रभारी आशुतोष द्विवेदी पुलिस व फील्ड यूनिट के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। इसके बाद शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। देवरनियां कोतवाली प्रभारी आशुतोष द्विवेदी ने बताया कि विवाहिता की मौत की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में पति-पत्नी के बीच विवाद के बाद आत्महत्या की बात सामने आई है। आलिया के मायके वालों को घटना की सूचना दे दी गई है और वे इंदौर से देवरनियां के लिए रवाना हो गए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मायके पक्ष के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।