google.com, pub-7697724059714638, DIRECT, f08c47fec0942fa0
bareillyप्रतीकात्मक चित्र।

बरेली। हाफिजगंज-क्योलड़िया क्षेत्र में शनिवार को अपसरा नदी में नहाने गए तीन किशोर तेज बहाव में बह गए। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने दो किशोरों को नदी से बाहर निकाल लिया, जबकि 13 वर्षीय शिवांशु लापता हो गया। रामवीर की हालत गंभीर होने पर उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस और गोताखोर देर शाम तक शिवांशु की तलाश में जुटे रहे।

सुनौर देशनगर गांव निवासी पूरनलाल का 15 वर्षीय बेटा सुभाष कुमार, मुड़िया जगरूप गांव निवासी राजकुमार का 10 वर्षीय बेटा रामवीर और निरन्दापुर गांव निवासी बृजनंदन का 13 वर्षीय बेटा शिवांशु शनिवार को सुनौर देशनगर गांव के पास अपसरा नदी में नहाने गए थे। बताया जा रहा है कि नहाते समय तीनों गहरे पानी की ओर चले गए। नदी का बहाव तेज होने के कारण वे खुद को संभाल नहीं सके और डूबने लगे।

ग्रामीणों ने लगाई छलांग, सुभाष और रामवीर को निकाला

किशोरों को पानी में डूबते देख आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीणों ने शोर मचाया। कई ग्रामीण तत्काल नदी में उतर गए और मशक्कत के बाद सुभाष और रामवीर को बाहर निकाल लिया। रामवीर की हालत गंभीर होने पर उसे उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसी बीच शिवांशु तेज बहाव में लापता हो गया।

गोताखोरों ने खंगाली नदी, देर शाम तक नहीं मिला शिवांशु

हादसे की सूचना मिलते ही हाफिजगंज पुलिस मौके पर पहुंच गई। ग्रामीणों और पुलिस की मौजूदगी में गोताखोरों को नदी में उतारकर शिवांशु की तलाश शुरू कराई गई। संभावित स्थानों पर काफी देर तक खोजबीन की गई, लेकिन देर शाम तक उसका कोई पता नहीं चल सका। नदी में तेज बहाव के कारण तलाश में भी परेशानी आ रही थी।

नदी किनारे टिकी परिवार की निगाहें, गांव में मचा कोहराम

शिवांशु के लापता होने की खबर मिलते ही परिजन बदहवास होकर नदी किनारे पहुंच गए। देर शाम तक परिवार और ग्रामीण उसकी सलामती की उम्मीद में नदी किनारे डटे रहे। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मचा है, जबकि गांव में भी मातम जैसा माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *