पीलीभीत। हजारा थाना क्षेत्र के शांतिनगर गांव की सीमा में शुक्रवार शाम खेत पर फसल देखने गए किसान पर बाघ ने हमला कर दिया। बाघ किसान को खींचकर पास के गन्ने के खेत में ले गया। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों और ग्रामीणों ने तलाश शुरू की। गंभीर हालत में किसान खेत में मिला। ग्रामीण उसे इलाज के लिए ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। उन्होंने शव को गांव के तिराहे पर रखकर जाम लगा दिया और वन विभाग की टीम को मौके पर बुलाकर बाघ को पकड़ने की मांग की।

शाम को खेत पर गया था किसान

शांतिनगर गांव निवासी मुंशी प्रसाद (60) पुत्र चोभीलाल का गांव की सीमा में ही खेत है। खेत में केले की फसल खड़ी है। परिजनों के मुताबिक, शुक्रवार शाम करीब पांच बजे मुंशी प्रसाद फसल देखने के लिए खेत पर गए थे। इसी दौरान झाड़ियों से अचानक बाघ निकल आया और उन पर हमला कर दिया। ग्रामीणों के मुताबिक, बाघ किसान को खींचकर पास के गन्ने के खेत में ले गया।

काफी देर बाद भी नहीं लौटे तो शुरू की तलाश

मुंशी प्रसाद के काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजन परेशान हो गए। ग्रामीणों को साथ लेकर उनकी तलाश शुरू की गई। ग्रामीण खेत की ओर पहुंचे तो वहां एक पैर जख्मी हालत में पड़ा मिला। इसके बाद लोगों ने आसपास के खेतों में तलाश तेज कर दी।

गन्ने के खेत में गंभीर हालत में मिले

तलाश के दौरान मुंशी प्रसाद गंभीर रूप से घायल हालत में खेत में मिले। उनके शरीर पर बाघ के हमले के निशान थे। सूचना मिलते ही हजारा थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। ग्रामीणों की मदद से किसान को खेत से बाहर निकाला गया। परिजनों के मुताबिक, उस समय उनकी सांसें चल रही थीं। ग्रामीण उन्हें इलाज के लिए लेकर रवाना हुए, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।

शव रखकर लगाया जाम, बाघ पकड़ने की मांग

किसान की मौत की खबर मिलते ही गांव में आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों ने शव को गांव के तिराहे पर रखकर जाम लगा दिया। ग्रामीण वन विभाग की टीम को मौके पर बुलाने और बाघ को जल्द पकड़ने की मांग पर अड़े रहे। पुलिस ने ग्रामीणों को समझाकर जाम खुलवाने का प्रयास किया। संपूर्णानगर रेंजर ललित कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही टीम के साथ मौके पर पहुंचे। बाघ की निगरानी शुरू कर दी गई है। घटना की जानकारी अधिकारियों को भी दे दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *