bareillyमृतक का फाइल फोटो।

बरेली। बरेली-बीसलपुर मुख्य मार्ग पर तेज रफ्तार डंपर और बाइक की टक्कर में गंभीर रूप से घायल 30 वर्षीय राममोहन की उपचार के दौरान मौत हो गई। हादसे के वक्त बाइक पर उनका 10 वर्षीय बेटा मुनीश भी सवार था, जो सुरक्षित बच गया। घटना के बाद डंपर चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। भुता पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी है।

भुता थाना क्षेत्र के डांडिया हेतराम निवासी राममोहन मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। परिजनों के मुताबिक शुक्रवार को वह अपने 10 वर्षीय बेटे मुनीश को बाइक पर बैठाकर पत्नी के मामा के घर फैजनगर जा रहे थे। बरेली-बीसलपुर मुख्य मार्ग पर उनकी बाइक की डंपर से जोरदार टक्कर हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि राममोहन बाइक से उछलकर सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। गनीमत रही कि उनके साथ मौजूद बेटा मुनीश हादसे में सुरक्षित बच गया।

पुलिस ने एंबुलेंस से अस्पताल भेजा, नहीं बच सकी जान

हादसे की सूचना मिलते ही भुता पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से गंभीर रूप से घायल राममोहन को अस्पताल भिजवाया। उनकी हालत नाजुक बनी हुई थी। चिकित्सकों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन उपचार के दौरान राममोहन ने दम तोड़ दिया। टक्कर के बाद चालक डंपर समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामले में कार्रवाई शुरू करते हुए डंपर और उसके चालक की तलाश तेज कर दी है। आसपास के रास्तों और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर वाहन की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस हादसे की परिस्थितियों की भी जांच कर रही है।

दो दिन पहले ही नीलकंठ से लौटे थे घर

परिजनों के मुताबिक राममोहन करीब दो दिन पहले ही नीलकंठ से घर लौटे थे। परिवार में उनके तीन बेटे हैं और वह मजदूरी करके घर का खर्च चलाते थे। अचानक हुई उनकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। राममोहन की मौत की खबर गांव पहुंचते ही घर में कोहराम मच गया। पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार के कमाऊ सदस्य की मौत से परिजनों के सामने आर्थिक संकट भी खड़ा हो गया है। वहीं पुलिस फरार डंपर चालक की तलाश में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *