bareillyअमृत भारत ट्रेन।

बरेली। दिल्ली जाने वाले यात्रियों के लिए रेलवे ने बड़ी सौगात दी है। गोरखपुर से दिल्ली के बीच चल रही स्पेशल ट्रेन अब सिर्फ स्पेशल बनकर नहीं रहेगी, बल्कि अमृत भारत एक्सप्रेस के रूप में नियमित चलेगी। खास बात यह है कि बरेली के यात्रियों को इस ट्रेन का फायदा सीधे मिलेगा। ट्रेन सुबह बरेली पहुंचेगी और दिल्ली तक का सफर करने वालों के लिए नया विकल्प तैयार हो जाएगा।

मुरादाबाद मंडल के विरष्ठ वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव के मुताबिक गाड़ी संख्या 15095 गोरखपुर-दिल्ली अमृत भारत एक्सप्रेस 27 अगस्त से हर गुरुवार गोरखपुर से दिल्ली के लिए चलेगी। वहीं दिल्ली से वापसी में गाड़ी संख्या 15096 हर शुक्रवार को गोरखपुर के लिए रवाना होगी। यानी यात्रियों को अब इस ट्रेन के संचालन को लेकर स्पेशल ट्रेन जैसी अनिश्चितता नहीं रहेगी।

बरेली से जाने और आने वालों के लिए शानदार टाइमिंग

गोरखपुर से चलने वाली ट्रेन सुबह 7:48 बजे बरेली पहुंचेगी और दो मिनट रुकने के बाद 7:50 बजे दिल्ली के लिए रवाना हो जाएगी। इसके बाद ट्रेन सुबह 9:03 बजे मुरादाबाद पहुंचेगी। दिल्ली जंक्शन पहुंचने का समय दोपहर 12:50 बजे है। ऐसे में सुबह बरेली से निकलकर दोपहर में दिल्ली पहुंचने वालों के लिए यह ट्रेन काफी काम की साबित हो सकती है। वहीं दिल्ली से गोरखपुर लौटने वाली ट्रेन दोपहर 2:10 बजे दिल्ली से चलेगी। शाम 5:18 बजे मुरादाबाद पहुंचने के बाद ट्रेन 6:39 बजे बरेली पहुंचेगी और दो मिनट बाद 6:41 बजे गोरखपुर के लिए रवाना होगी। यानी दिल्ली से दिन का काम निपटाकर लौटने वाले यात्रियों के लिए भी ट्रेन की टाइमिंग सुविधाजनक है।

बरेली से दिल्ली जाने वालों को इन स्टेशनों पर भी मिलेगा सफर

ट्रेन गोरखपुर से दिल्ली के बीच खलीलाबाद, बस्ती, गोंडा, बुढ़वल, सीतापुर जंक्शन, बरेली, मुरादाबाद और गाजियाबाद समेत कई प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी। इससे बरेली ही नहीं, आसपास के इलाकों से दिल्ली जाने वाले यात्रियों को भी इसका फायदा मिलेगा। अभी यह ट्रेन सप्ताह में एक दिन चलेगी। गोरखपुर से दिल्ली जाने का दिन गुरुवार और दिल्ली से गोरखपुर लौटने का दिन शुक्रवार रहेगा। बरेली के यात्रियों के लिए खास बात यह है कि सुबह दिल्ली जाने और शाम को बरेली लौटने का विकल्प इस ट्रेन के शेड्यूल में दिखाई देता है। ऐसे में दिल्ली का कामकाजी सफर करने वालों की नजर अब इस अमृत भारत एक्सप्रेस पर रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *