लखनऊ। राजधानी के पॉश हजरतगंज इलाके में सोमवार सुबह खाद्य प्रसंस्करण निदेशालय के भवन में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। बिल्डिंग से काला धुआं और लपटें उठती देख परिसर में मौजूद कर्मचारी बाहर निकल आए। सूचना मिलते ही दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

पूरी बिल्डिंग में भर गया घना धुआं

आग सोमवार सुबह करीब साढ़े 10 बजे लगी। कंट्रोल रूम को ARO-IP के जरिए घटना की सूचना दी गई। इसके बाद हजरतगंज अग्निशमन केंद्र से दो दमकल गाड़ियां तत्काल मौके के लिए रवाना की गईं। दमकल टीम के पहुंचने तक भवन के अंदर घना धुआं भर चुका था और दृश्यता बेहद कम हो गई थी। मुख्य अग्निशमन अधिकारी अंकुश मित्तल और हजरतगंज के अग्निशमन अधिकारी राम कुमार रावत के नेतृत्व में दमकलकर्मियों ने मोर्चा संभाला। टीम ने हौज लाइन बिछाकर पानी की बौछार शुरू की। साथ ही वेंटिलेशन के जरिए भवन में भरे धुएं को बाहर निकालने का काम किया गया।

सर्च ऑपरेशन चलाकर खंगाला पूरा भवन

आग बुझाने के साथ ही दमकल टीम ने पूरे निदेशालय भवन में सर्च ऑपरेशन चलाया। एक-एक हिस्से की जांच कर यह सुनिश्चित किया गया कि कोई कर्मचारी या अन्य व्यक्ति अंदर फंसा न हो। समय रहते आग पर नियंत्रण मिलने से बड़ा हादसा टल गया। किसी के घायल होने या जनहानि की सूचना नहीं है।

शॉर्ट सर्किट की आशंका, नुकसान का आकलन शुरू

आग लगने की सही वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। अग्निशमन विभाग आग के सटीक कारणों की जांच के साथ भवन में हुए नुकसान का भी आकलन कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *