बरेली। शहर की पहचान बन चुका झुमका चौराहा अब रील और वीडियो बनाने वालों की हरकतों के कारण बार-बार विवादों में घिर रहा है। परसाखेड़ा स्थित झुमका चौराहे पर रील बनाने को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी के बाद मारपीट हो गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत करा दिया गया।

रील बनाने को लेकर कहासुनी, फिर मारपीट

झुमका चौराहे पर बड़ी संख्या में लोग घूमने और फोटो-वीडियो बनाने पहुंचते हैं। वायरल वीडियो में भी कुछ लोगों के बीच विवाद और धक्का-मुक्की होती दिखाई दे रही है। बताया जा रहा है कि रील बनाने को लेकर दो पक्षों में पहले कहासुनी हुई और इसके बाद मामला मारपीट तक पहुंच गया। घटना का किसी ने वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। झुमका चौराहा बरेली की सांस्कृतिक पहचान से जुड़ा है, लेकिन यहां से लगातार सामने आने वाले विवादित वीडियो इसकी छवि पर सवाल खड़े कर रहे हैं। रील और वीडियो बनाने के दौरान होने वाली कहासुनी और विवादों के कारण यह पर्यटन स्थल गलत वजहों से सोशल मीडिया पर चर्चा में आ रहा है।

सामने पुलिस बूथ, फिर भी हो गई मारपीट

सबसे बड़ा सवाल सुरक्षा व्यवस्था को लेकर है। झुमका के सामने ही पुलिस बूथ बना हुआ है और यहां पुलिसकर्मियों की तैनाती भी रहती है। इसके बावजूद दो पक्षों के बीच विवाद मारपीट तक पहुंच गया। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि पुलिस की मौजूदगी के बाद भी इस तरह की घटनाओं पर तत्काल अंकुश क्यों नहीं लग पा रहा है। सीबीगंज इंस्पेक्टर विनोद सिंह ने बताया कि झुमका चौराहे पर दो पक्षों के बीच मारपीट हुई थी। दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत करा दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *