बरेली। भोजीपुरा कस्बे के न्यू इंग्लैंड डिकोनस स्कूल की बस शुक्रवार सुबह जटऊ पट्टी गांव के पास लिंक मार्ग पर अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई। हादसे के समय बस में 13 बच्चे सवार थे। दुर्घटना में एक दर्जन से अधिक बच्चे घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सभी घायल बच्चों को आनन-फानन राममूर्ति मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

सुबह 6:30 बजे हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार सुबह करीब 6:30 बजे स्कूल बस बच्चों को लेकर जा रही थी। जटऊ पट्टी गांव के समीप लिंक मार्ग पर अचानक बस अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि बस में सवार बच्चों में अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने बच्चों को बस से बाहर निकालने में मदद की और पुलिस को सूचना दी।

नाबालिग चालक को लेकर गंभीर आरोप

हादसे के बाद अभिभावकों ने स्कूल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। परिजनों का कहना है कि बस की हालत पहले से खराब थी और उसे कथित तौर पर नाबालिग चालक चला रहा था। अभिभावकों ने आरोप लगाया कि उन्होंने कई बार स्कूल प्रबंधन से खस्ताहाल बस बदलने और नाबालिग चालक को हटाने की शिकायत की थी, लेकिन उनकी बात को गंभीरता से नहीं लिया गया।

0

हादसे की खबर मिलते ही मेडिकल कॉलेज पहुंचे परिजन

बस हादसे की सूचना मिलते ही घायल बच्चों के परिजन राममूर्ति मेडिकल कॉलेज पहुंच गए। अस्पताल में अपने बच्चों को घायल हालत में देखकर अभिभावकों में आक्रोश फैल गया। परिजनों का आरोप है कि स्कूल प्रबंधन की लापरवाही के चलते मासूम बच्चों की जान खतरे में पड़ गई।

कार्रवाई की मांग, पुलिस ने शुरू की जांच

अभिभावकों और स्थानीय लोगों ने स्कूल प्रबंधन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि अगर समय रहते बस की हालत और चालक की जांच की गई होती तो हादसा टाला जा सकता था। पुलिस ने दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। चालक की उम्र, बस की फिटनेस और हादसे के कारणों की भी जांच की जा रही है।

ये बच्चे से गाड़ी में सवार

कक्षा आठ का छात्र वासिफ रजा पुत्र राशिद अली निवासी अलीनगर, कक्षा एक की छात्र सोफ़िया पुत्री महेंदी खां निवासी भगवतीपुर, कक्षा 5 का छात्र मो अनस पुत्र महेंदी खां, कक्षा 4 का छात्र मो फरहान पुत्र तसलीम निवासी रत्ना चुन्नीलाल, कक्षा चार अक्सी नूर पुत्री इम्तियाज निवासी अलीनगर, एनसी का छात्र अबुजर पुत्र रिजवान निवासी रत्ना चुन्नीलाल, कक्षा 5 का छात्र अरशद पुत्र शाजिद निवासी अलीनगर, कक्षा दो आकिब पुत्र माजिद निवासी अलीनगर, कक्षा दो शामिल हैं। इसके अलावा मो अजहर पुत्र जल्लाउद्दीन निवासी रत्नी चुन्नीलाल, कक्षा एक छात्र मोहम्मद आरिफ पुत्र इरशाद निवासी अलीनगर, कक्षा 5 हुमा खान पुत्री आसिफ निवासी मिलक स्कूल वाहन में सवार थे।

ये बच्चे हुए घायल

हादसे में वासिफ, सुफिया,फरहान, अबुजर, अक्शी नूर, आकिब, आरिफ गंभीर रूप से घायल हो गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *