bareillyप्रतीकात्मक चित्र

बरेली। शहर में आवारा कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। शास्त्री मार्केट में व्यापारी को काटने की घटना का मामला अभी ठंडा भी नहीं पड़ा था कि बुधवार को इंदिरा मार्केट और आसपास के इलाके में एक आक्रामक कुत्ते ने तीन लोगों को काटकर घायल कर दिया। घायलों में एक चाय विक्रेता भी शामिल है। लगातार हो रही घटनाओं से व्यापारियों और बाजार आने वाले लोगों में दहशत है।

चाय लेकर जा रहे शानू पर अचानक हमला

गुलाब नगर निवासी शानू इंदिरा मार्केट में चाय की दुकान चलाते हैं। बुधवार को वह दुकानों पर चाय देने जा रहे थे। इसी दौरान आवारा कुत्ते ने अचानक उन पर हमला कर दिया और पैर में काटकर गहरा जख्म कर दिया। शानू की चीख सुनकर आसपास के दुकानदार दौड़े और किसी तरह कुत्ते को वहां से भगाया। इसके कुछ देर बाद उसी इलाके में एक अन्य राहगीर को भी कुत्ते ने काट लिया। इसके बाद जिला पंचायत परिसर के पास एक और व्यक्ति को कुत्ते ने अपना शिकार बनाया। तीनों घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के साथ एंटी रेबीज वैक्सीन लगाई गई।

शिकायतें करते रहे व्यापारी, नहीं मिला छुटकारा

स्थानीय दुकानदारों का आरोप है कि इंदिरा मार्केट और आसपास आवारा कुत्तों के झुंड घूमते रहते हैं। नगर निगम को कई बार मौखिक और लिखित शिकायतें की जा चुकी हैं, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ। व्यापारियों का कहना है कि जल्द अभियान चलाकर आवारा कुत्तों को नहीं पकड़ा गया तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे। जनसेवा टीम के अध्यक्ष पम्मी खां वारसी ने भी नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि शहर के वार्डों और गलियों में कुत्तों के साथ बंदरों का आतंक भी बढ़ रहा है। बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों के लिए घर से निकलना मुश्किल होता जा रहा है। उन्होंने शहरभर में विशेष अभियान चलाने की मांग की।

शास्त्री मार्केट से आजमनगर तक खौफ

आवारा कुत्तों की समस्या इंदिरा मार्केट तक सीमित नहीं है। शास्त्री मार्केट, गली मनिहार और आजमनगर समेत कई घनी आबादी वाले इलाकों में भी लोग परेशान हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक, कुत्तों की बढ़ती संख्या और उनके आक्रामक व्यवहार के कारण पैदल निकलने वाले लोगों को सबसे ज्यादा खतरा रहता है। बाजारों में खरीदारी के लिए आने वाली महिलाओं और बच्चों में भी डर बना रहता है। लोगों का आरोप है कि लगातार शिकायतों के बावजूद प्रभावी अभियान नहीं चलाया जा रहा है। उनका कहना है कि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो कभी भी गंभीर घटना हो सकती है।

टीम भेजकर पकड़वाएंगे कुत्ते

नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने कहा कि शहर में आवारा कुत्तों की समस्या को गंभीरता से लिया जा रहा है। इंदिरा मार्केट समेत प्रभावित इलाकों में नगर निगम की टीम भेजकर कुत्तों को पकड़वाया जाएगा। लोगों की सुरक्षा प्राथमिकता है। शिकायत मिलने वाले क्षेत्रों में अभियान चलाकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *