बरेली। 108वें उर्से रजवी की तारीखों का ऐलान कर दिया गया है। आला हजरत इमाम अहमद रजा खान फाजिले बरेलवी के सालाना उर्स का आयोजन इस वर्ष 7, 8 और 9 अगस्त को होगा। दरगाह आला हजरत के प्रमुख मौलाना सुब्हान रजा खान (सुब्हानी मियां), काजी-ए-हिंदुस्तान मुफ्ती असजद रजा कादरी (असजद मियां) तथा दरगाह आला हजरत के सज्जादानशीन मुफ्ती अहसन रजा कादरी (अहसन मियां) ने संयुक्त रूप से उर्स की तारीखों की घोषणा की।
बरेली को सुन्नी-बरेलवी मुसलमानों का मरकज माना जाता है और आला हजरत के चाहने वाले दुनिया के कई देशों में मौजूद हैं। हर साल उर्से रजवी के अवसर पर लाखों अकीदतमंद बरेली पहुंचते हैं और शहर अकीदत, मोहब्बत और रूहानी रंग में रंग जाता है। इस बार भी उर्से रजवी को पूरी शानो-शौकत और पारंपरिक अंदाज में मनाने की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
देश-विदेश पैगाम भेजने का सिलसिला शुरू
दरगाह आला हजरत के मीडिया प्रभारी नासिर कुरैशी ने दरगाह के बुजुर्गों के हवाले से जारी बयान में बताया कि उर्स की तारीखों की घोषणा के साथ ही देश और विदेश में पैगाम भेजने का सिलसिला शुरू हो गया है। विभिन्न राज्यों और देशों से उलमा, सज्जादानशीन, जायरीन और अकीदतमंद लगातार संपर्क कर रहे हैं। उर्स में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा और व्यवस्थाओं को लेकर प्रारंभिक तैयारियां भी शुरू कर दी गई हैं। जमात रजा-ए-मुस्तफा के पूर्व मीडिया प्रभारी समरान खान ने बताया कि उर्से रजवी के दौरान शहरभर में खिदमत का विशेष इंतजाम किया जाएगा। सैकड़ों स्वयंसेवक और संगठन के कार्यकर्ता जायरीन की सेवा में जुटेंगे। यह परंपरा वर्षों से चली आ रही है और इस बार भी पूरे उत्साह के साथ जारी रहेगी।
इस बार बदली उर्स की तारीख
आमतौर पर उर्से रजवी 23 सफर से 25 सफर तक मनाया जाता है, लेकिन इस वर्ष इस्लामी कैलेंडर के अनुसार उर्स 22 सफर से शुरू होगा। खास बात यह है कि इस बार उर्स का आयोजन सावन माह में हो रहा है, जिससे बरेली में श्रद्धा और अकीदत का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। धार्मिक आयोजनों और जायरीन की आमद से शहर में रौनक और बढ़ने की उम्मीद है।
लाखों अकीदतमंदों के स्वागत को तैयार होगा शहर
उर्से रजवी के दौरान देश ही नहीं बल्कि विदेशों से भी बड़ी संख्या में जायरीन बरेली पहुंचते हैं। रेलवे स्टेशन, बस अड्डों, प्रमुख मार्गों और दरगाह क्षेत्र में विशेष व्यवस्थाएं की जाती हैं। प्रशासनिक और धार्मिक संस्थाओं की ओर से भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा और सुविधाओं को लेकर जल्द ही व्यापक तैयारियां शुरू किए जाने की संभावना है।