bareillyपुलिस की गिरफ्त में आरोपी

बरेली। बिथरी चैनपुर पुलिस ने बाइक चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। दोनों आरोपी चोरी की बाइक को बेचने की फिराक में थे, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उन्हें दबोच लिया।

भोजीपुरा क्षेत्र के गोपालपुर अजीजपुर निवासी लक्ष्मी पुत्री श्यामसुंदर ने पुलिस को दी तहरीरद में बताया कि उनकी काले रंग की हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल 19 जून को बिथरी चैनपुर स्थित सिंह भट्टा के सामने मैकेनिक की दुकान के बाहर से चोरी हो गई थी। शिकायत के आधार पर थाना बिथरी चैनपुर में मुकदमा दर्ज किया। मामले के खुलासे के लिए थानाध्यक्ष राजेश बाबू मिश्रा के निर्देशन में पुलिस टीम लगातार आरोपियों की तलाश कर रही थी। इसी दौरान बिथरी पुल के नीचे चेकिंग के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि बाइक चोरी करने वाले दोनों आरोपी चोरी की मोटरसाइकिल के साथ मड विलेज रेस्टोरेंट के पास मौजूद हैं और उसे बेचने की तैयारी कर रहे हैं।

इन आरोपियों को किया गिरफ्तार

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर साजिद पुत्र पप्पू (21 वर्ष) और फराज उर्फ शंकूर पुत्र अलाउद्दीन (22 वर्ष) निवासी ग्राम व थाना बिथरी चैनपुर को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि 19 जून को दुकान के बाहर खड़ी मोटरसाइकिल को मौका देखकर चोरी किया था। उनका कहना था कि पैसों की तंगी के कारण वे बाइक बेचने जा रहे थे। पुलिस पूछताछ में दोनों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।

आरोपी पर पहले से दर्ज है मुकदमे

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार आरोपी साजिद के खिलाफ पहले से थाना बिथरी चैनपुर में आपराधिक मुकदमा दर्ज है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय में पेश किया। गिरफ्तारी और बरामदगी में शामिल पुलिस टीम में थानाध्यक्ष राजेश बाबू मिश्रा, उपनिरीक्षक वैभव गुलियान, उपनिरीक्षक अनिल कुमार, हेड कांस्टेबल इश्लाक अहमद, कांस्टेबल सचिन कुमार और कांस्टेबल अंकित कुमार शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *