up newsमासूम बच्चे का फाइल फोटो

बरेली। फतेहगंज पूर्वी थाना क्षेत्र में जमीन के बंटवारे को लेकर चल रहे विवाद ने एक मासूम की जान ले ली। आरोप है कि शराब के नशे में धुत दबंग घर में घुस आए और गाली-गलौज के बाद परिवार पर हमला बोल दिया। मारपीट के दौरान बचाने पहुंची दादी की गोद से तीन माह का मासूम छिटककर जमीन पर गिर पड़ा, जिससे उसकी मौत हो गई।

थाना क्षेत्र के हरेली अलीपुर गांव निवासी मौजी लाल और उनके भाई रामकिशन का अपने चाचा वीरपाल से जमीन के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था। आरोप है कि गुरुवार रात करीब नौ बजे वीरपाल गाली-गलौज करते हुए उनके घर में घुस आया। विरोध करने पर उसने अपने अन्य साथियों को बुला लिया और दोनों भाइयों के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान रामकिशन की मां विमला देवी तीन माह के मासूम रामलड़ैते को गोद में लेकर बीच-बचाव करने पहुंचीं। आरोप है कि धक्का-मुक्की के दौरान विमला देवी को जोर से धक्का दिया गया, जिससे बच्चा उनकी गोद से छिटककर जमीन पर गिर गया।

अस्पताल पहुंचने से पहले थम गई सांसें

परिजन घायल बच्चे को लेकर तत्काल अस्पताल पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौजी लाल की तहरीर पर पुलिस ने वीरपाल, राजेश, अर्जुन, विनीत और अंकुश के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। फतेहगंज पूर्वी पुलिस ने मुख्य आरोपी वीरपाल को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। इंस्पेक्टर राजकुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

तीन महीने पहले मां को खोया, अब चली गई बेटे की भी जान

इस दर्दनाक घटना ने परिवार का पुराना जख्म फिर हरा कर दिया। तीन माह पहले रामकिशन की पत्नी की डिलीवरी के दौरान मौत हो गई थी। परिवार का आरोप है कि गर्भावस्था के दौरान हुए विवाद में वीरपाल ने महिला के पेट में लात मारी थी, जिससे उसकी तबीयत बिगड़ गई थी। हालांकि डॉक्टरों ने नवजात को बचा लिया था, लेकिन मां की जान नहीं बच सकी। तब से बच्चे की परवरिश उसकी दादी विमला देवी कर रही थीं। अब उसी मासूम की मौत ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *