up newsहादसे में क्षतिग्रस्त हुई बस

बदायूं। गंगा एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। वाराणसी से दिल्ली जा रही डबल डेकर बस बदायूं जिले के नौली हरनाथपुर गांव के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में 21 यात्री घायल हो गए, जबकि एक युवक का पैर कटकर अलग हो गया। दुर्घटना के बाद एक्सप्रेसवे पर चीख-पुकार मच गई और घायल यात्री मदद के लिए तड़पते रहे।

सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र वजीरगंज लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर घायलों को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। बाद में क्रेन की मदद से बस को सीधा कर सड़क किनारे खड़ा कराया गया, जिससे एक्सप्रेसवे पर यातायात सामान्य हो सका। घायलों के अनुसार हादसे के समय अधिकांश यात्री गहरी नींद में सो रहे थे। अचानक तेज झटके के साथ बस पलट गई। इसके बाद बस के भीतर अफरा-तफरी मच गई। कई यात्रियों ने शीशे तोड़कर बाहर निकलने की कोशिश की। घायल अवस्था में लोग किसी तरह बस से बाहर निकले और सड़क पर मदद का इंतजार करते रहे।

यात्रियों का आरोप- नशे में था चालक

घायलों ने आरोप लगाया कि बस चालक नशे की हालत में था और लगातार ओवरस्पीड में वाहन चला रहा था। यात्रियों का कहना है कि वाराणसी से बस एक ही चालक के भरोसे चलाई जा रही थी, जबकि इतने लंबे रूट पर दो चालकों की व्यवस्था होनी चाहिए थी। उनका दावा है कि चालक को झपकी आने के कारण बस अनियंत्रित हुई और यह हादसा हुआ। जानकारी के मुताबिक बस में वाराणसी से 32 यात्री सवार हुए थे, जो नोएडा और दिल्ली जा रहे थे। हादसे में 21 लोग घायल हुए हैं। एक साथ बड़ी संख्या में घायलों के पहुंचने से सीएचसी वजीरगंज में भी अफरा-तफरी का माहौल बन गया। चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों ने तत्काल उपचार शुरू किया और गंभीर घायलों को उच्च चिकित्सा केंद्र भेजा।

अली अहमद का पैर कटा, बरेली रेफर

हादसे में प्रयागराज निवासी 32 वर्षीय अली अहमद पुत्र उस्मान अली गंभीर रूप से घायल हो गए। उनका एक पैर कटकर अलग हो गया। वह दिल्ली स्थित अपने घर जा रहे थे। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें एंबुलेंस से बरेली के उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किया गया। घायलों के मुताबिक बस बृहस्पतिवार शाम वाराणसी से रवाना हुई थी। शुक्रवार सुबह करीब 5:15 बजे नौली हरनाथपुर के पास यह हादसा हुआ। पुलिस मामले की जांच कर रही है और चालक की भूमिका को लेकर भी पड़ताल की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *