बरेली। बरेली के हवाई यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। दिल्ली और नोएडा जेवर के लिए उड़ान सेवा शुरू होने के बाद अब गोवा, सूरत, चेन्नई और अहमदाबाद को भी बरेली से सीधी हवाई कनेक्टिविटी देने की तैयारी तेज हो गई है। यात्रियों की बढ़ती मांग और सर्वे रिपोर्ट के आधार पर एयरपोर्ट प्रबंधन ने इन शहरों के लिए प्रस्ताव भेज दिए हैं। एयरलाइंस कंपनियों और नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) के साथ प्रारंभिक स्तर की बातचीत भी पूरी हो चुकी है।
पहले दिल्ली-जेवर, फिर गोवा और सूरत की बारी
बरेली एयरपोर्ट से 1 जुलाई से दिल्ली और 2 जुलाई से नोएडा जेवर के लिए नियमित उड़ानें शुरू होने जा रही हैं। इन दोनों रूटों के संचालन के बाद एयरपोर्ट प्रशासन गोवा, सूरत, चेन्नई और अहमदाबाद के लिए एयर कनेक्टिविटी बढ़ाने की दिशा में तेजी से काम करेगा।
सूरत फ्लाइट से जरी-जरदोजी कारोबार को मिलेगा बड़ा लाभ
सूरत के लिए सीधी फ्लाइट शुरू होने पर बरेली के प्रसिद्ध जरी-जरदोजी उद्योग को नई रफ्तार मिलने की उम्मीद है। कारोबारियों को व्यापारिक यात्राओं में आसानी होगी, जिससे उद्योग और निर्यात गतिविधियों को भी मजबूती मिलेगी। वहीं गोवा, चेन्नई और अहमदाबाद जैसे प्रमुख शहरों तक पहुंच भी पहले से कहीं आसान हो जाएगी।
एयरलाइंस कंपनियों के साथ हो चुकी हैं बैठकें
एयरपोर्ट प्रबंधन के अनुसार कई एयरलाइंस कंपनियां बरेली में संभावनाओं का आकलन कर चुकी हैं। यात्री संख्या, व्यापारिक गतिविधियों और क्षेत्रीय जरूरतों को देखते हुए विस्तृत सर्वे कराया गया है। सर्वे रिपोर्ट के आधार पर नए रूटों के लिए प्रस्ताव संबंधित एजेंसियों को भेजे गए हैं।
हर साल बढ़ रही हवाई यात्रियों की संख्या
बरेली एयरपोर्ट से यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। आंकड़ों के अनुसार वित्तीय वर्ष 2024-25 में 1,21,843 यात्रियों ने हवाई यात्रा की थी, जबकि 2025-26 में यह संख्या बढ़कर 1,28,170 पहुंच गई। यानी एक वर्ष में 6,327 से अधिक अतिरिक्त यात्रियों ने बरेली एयरपोर्ट का उपयोग किया। बढ़ती मांग को देखते हुए नए रूटों की संभावनाएं और मजबूत हुई हैं।
डायरेक्टर बोले- जल्द मिलेगी नई कनेक्टिविटी
एयरपोर्ट निदेशक अवधेश कुमार अग्रवाल ने बताया कि 1 और 2 जुलाई से दिल्ली और नोएडा जेवर के लिए उड़ानें शुरू हो रही हैं। इसके बाद गोवा, चेन्नई, अहमदाबाद और सूरत के लिए प्रस्ताव भेजे जा चुके हैं। एयरलाइंस कंपनियों और डीजीसीए से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिलने की उम्मीद है, जिससे बरेली को जल्द नई हवाई कनेक्टिविटी की सौगात मिल सकती है।