बरेली। नगर निगम ने करदाताओं की सुविधा और राजस्व संग्रहण को तेज करने के लिए डिजिटल व्यवस्था की ओर बड़ा कदम बढ़ाया है। अब शहरवासियों को गृहकर, जलकर और अन्य करों के भुगतान के लिए नगर निगम के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। निगम जल्द ही करदाताओं के मोबाइल पर व्हाट्सएप के माध्यम से टैक्स भुगतान संबंधी संदेश भेजेगा, जिसमें बकाया राशि और भुगतान की पूरी जानकारी उपलब्ध होगी।

घर बैठे मिलेगा बकाया कर का अलर्ट

नई व्यवस्था के तहत करदाताओं को व्हाट्सएप पर सीधे टैक्स जमा करने का नोटिफिकेशन भेजा जाएगा। संदेश में बकाया कर की जानकारी, भुगतान लिंक और अन्य जरूरी विवरण शामिल होंगे, जिससे लोग समय रहते अपना टैक्स जमा कर सकेंगे। नगर निगम के चारों जोन कार्यालयों में विशेष QR कोड लगाए जाएंगे। करदाता इन कोड्स को अपने मोबाइल से स्कैन करते ही सीधे ऑनलाइन भुगतान प्लेटफॉर्म पर पहुंच जाएंगे और कुछ ही मिनटों में टैक्स जमा कर सकेंगे। इससे लंबी कतारों और कागजी औपचारिकताओं से राहत मिलेगी।

बैंक से समझौता, भुगतान होगा आसान

नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने बताया कि डिजिटल टैक्स भुगतान व्यवस्था को लागू करने के लिए बैंक के साथ समझौता किया गया है। इसका उद्देश्य करदाताओं को अधिक सरल, सुरक्षित और पारदर्शी भुगतान सुविधा उपलब्ध कराना है। नगर निगम का मानना है कि व्हाट्सएप अलर्ट और QR आधारित भुगतान प्रणाली लागू होने से टैक्स वसूली में तेजी आएगी। नकद लेन-देन कम होने से पारदर्शिता बढ़ेगी, वहीं लोगों को भी समय और श्रम की बचत होगी। अधिकारियों को उम्मीद है कि इस पहल से नगर निगम के राजस्व में उल्लेखनीय बढ़ोतरी होगी और डिजिटल गवर्नेंस को नई मजबूती मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *