up newsमृतक का फाइल फोटो

बरेली। कैंट क्षेत्र में रविवार रात एक युवक का शव पेड़ से लटका मिला। मृतक की पहचान रंजीत बाल्मीकि के रूप में हुई है। शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का माना जा रहा है। चर्चा ये भी है कि पत्नी से विवाद के बाद युवक ने यह खौफनाक कदम उठा लिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

थाना क्षेत्र के चनहेटा गांव निवासी 28 वर्षीय रंजीत बाल्मीकि बरेली क्लब में संविदा कर्मचारी के रूप में कार्यरत था। वह कैंट क्षेत्र के चनहेटा गांव का रहने वाला था। वर्ष 2020 में उसने दीपा से प्रेम विवाह किया था। दंपती के दो बेटे हैं, जिनमें छह वर्षीय लड्डू और चार वर्षीय मटरू शामिल हैं। अचानक हुई इस घटना से दोनों मासूम बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया।

पत्नी के आरोप के बाद बढ़ा विवाद

पुलिस जांच में सामने आया है कि शनिवार रात करीब नौ बजे रंजीत और उसकी पत्नी दीपा के बीच कहासुनी हुई थी। दीपा ने रंजीत पर किसी अन्य महिला से बातचीत करने का आरोप लगाया था। विवाद इतना बढ़ गया कि दीपा दोनों बच्चों को लेकर अपने मायके चली गई। इसके बाद रंजीत भी गुस्से में घर से निकल गया।

जंगल में पेड़ से लटका मिला शव

रविवार रात गांव से कुछ दूरी पर पचपेड़ा लाइन के पास जंगल में ग्रामीणों ने एक युवक का शव पेड़ से लटका देखा। सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची कैंट थाना पुलिस ने शव को नीचे उतरवाया। मृतक की पहचान रंजीत बाल्मीकि के रूप में हुई। पुलिस को शव के पास से उसका मोबाइल फोन भी बरामद हुआ है।

हर पहलू से जांच में जुटी पुलिस

कैंट थाना प्रभारी संजय धीर ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मोबाइल फोन और अन्य तथ्यों की जांच कर रही है। साथ ही परिवार के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *