up newsआग बुझाती दमकम की टीम

बरेली। नवाबगंज थाने के सामने स्थित शाहजी मोटर वर्कशॉप में गुरुवार देर रात आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने वर्कशॉप को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना पर पहुंची दमकल टीम ने आग बुझाकर बड़ा नुकसान होने से बचा लिया।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी मनु शर्मा ने बताया कि रात में अशफाक ने सूचना दी कि रामलीला ग्राउंड के पास थाना नवाबगंज के सामने स्थित शाहजी मोटर वर्कशॉप में आग लगी है। सूचना मिलते ही फायर स्टेशन से दमकल वाहन मौके पर भेजा गया। एफएसडी पुष्पेंद्र सिंह के नेतृत्व में टीम ने आग बुझाने का कार्य शुरू किया।

काफी देर तक चला अभियान

मौके पर पहुंचने पर वर्कशॉप में आग तेजी से जल रही थी। दमकल कर्मियों ने मोटर फायर इंजन से पंपिंग कर आग बुझानी शुरू की। आग की तीव्रता अधिक होने के कारण वाहन का पानी समाप्त हो गया। इसके बाद फायर स्टेशन से बार-बार पानी भरकर लाया गया और अभियान जारी रखा गया।

आग फैलने से रोकी

दमकल कर्मियों ने आग को आसपास की दुकानों और अन्य संपत्तियों तक फैलने से रोक दिया। कई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। अग्निशमन विभाग के अनुसार घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। आग बुझाने के बाद टीम ने आवश्यक निर्देश दिए और वापस फायर स्टेशन लौट गई। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *