बरेली। कैंट पुलिस और एसओजी टीम ने ने कुख्यात पंखिया गैंग के एक सक्रिय सदस्य को गिरफ्तार कर पांच चोरी की घटनाओं का खुलासा किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी के माल को बेचकर हासिल किए गए 1.82 लाख रुपये नकद, एक अवैध तमंचा और जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
कैंट इंस्पेक्टर संजय धीर ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी सलमान पुत्र खलील निवासी ग्राम मिलक थाना सुभाषनगर है। उसे मुखबिर की सूचना पर एपेक्स हॉस्पिटल से करेली जाने वाले मार्ग से गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से अवैध असलहा और नकदी बरामद हुई।
बंद मकानों पर रहती थी गैंग की नजर
पूछताछ में सलमान ने बताया कि वह टाइल्स और पत्थर लगाने का काम करता था। इसी बहाने वह संपन्न परिवारों और ऐसे मकानों की रेकी करता था जहां नकदी और कीमती सामान होने की संभावना रहती थी। इसके बाद अपने साथियों अफरीद, मुजाहिद, कादिम रसूल और अमीर खां उर्फ मारुति के साथ मिलकर चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। गिरोह बंद पड़े मकानों को निशाना बनाता था और पीछे के रास्ते या छत के जरिए घरों में घुसकर लाखों रुपये के जेवरात और नकदी चोरी कर लेता था।
कैंट और सुभाषनगर की पांच वारदातें कबूलीं
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने रामेश्वर धाम कॉलोनी, चौबारी गांव, बालाजी धाम कॉलोनी समेत कैंट और सुभाषनगर क्षेत्र की पांच चोरी की घटनाओं में शामिल होना स्वीकार किया है। बरामद 1.82 लाख रुपये को उसने चोरी के माल की बिक्री से अपने हिस्से की रकम बताया। पुलिस जांच में सामने आया है कि पंखिया गैंग बरेली समेत कई जिलों में चोरी और अन्य आपराधिक घटनाओं को अंजाम दे चुका है। गैंग का नेटवर्क काफी सक्रिय बताया जा रहा है।
फरार साथियों की तलाश जारी
कैंट पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आयुध अधिनियम के तहत भी मुकदमा दर्ज किया है। वहीं चोरी के मामलों में बरामदगी के आधार पर धाराएं बढ़ाई गई हैं। पुलिस अब फरार साथियों की गिरफ्तारी और चोरी के शेष माल की बरामदगी के लिए लगातार दबिश दे रही है। एसएसपी अनुराग आर्य के निर्देश पर चलाए जा रहे अपराध विरोधी अभियान के तहत मिली इस सफलता को पुलिस ने बड़ी उपलब्धि माना है।