बरेली। सीबीगंज थाना परिसर से चंद कदम की दूरी पर स्थित आईटीआर मार्केट मंगलवार सुबह एक मिठाई की दुकान में लगी आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप ले लिया। दुकान से उठते धुएं के गुबार और आग की लपटें देखकर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई। आग से दुकान में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया।

आईटीआर कॉलोनी गेट पर स्थित नारायण स्वीट्स एंड कंफेक्शनरी के संचालक गौरव अग्रवाल सोमवार रात रोजाना की तरह दुकान बंद कर घर चले गए थे। मंगलवार सुबह करीब सवा छह बजे उधर से गुजर रहे लोगों ने दुकान के भीतर से धुआं निकलता देखा। देखते ही देखते धुआं आग की लपटों में बदल गया। लोगों ने तत्काल दुकानदार और पुलिस को सूचना दी।

मौके पर मचा हड़कंप, जुटी भीड़

घटना की खबर फैलते ही आईटीआर मार्केट में हड़कंप मच गया। आसपास के दुकानदार अपनी दुकानों की ओर दौड़ पड़े। आग पड़ोसी दुकानों तक न पहुंच जाए, इसे लेकर सभी के चेहरे पर चिंता साफ दिखाई दे रही थी। सीबीगंज थाने से पुलिसकर्मी तत्काल मौके पर पहुंचे और भीड़ को नियंत्रित किया। आग की भयावह स्थिति को देखते हुए फायर ब्रिगेड की टीम ने दुकान का शटर तोड़कर अंदर प्रवेश किया। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। यदि कुछ देर और हो जाती तो आग आसपास की दुकानों को भी अपनी चपेट में ले सकती थी। दमकल कर्मियों की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया।

लाखों का सामान जलकर हुआ खाक

दुकान मालिक गौरव अग्रवाल के अनुसार आग से मिठाई, कंफेक्शनरी का सामान, फर्नीचर, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और अन्य सामग्री जलकर नष्ट हो गई। उन्होंने लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई है। आग बुझने के बाद दुकान के अंदर का नजारा बेहद भयावह था। चारों ओर जला हुआ सामान और राख बिखरी हुई थी। फिलहाल आग लगने के सही कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को आग की संभावित वजह माना जा रहा है। पुलिस और दमकल विभाग की टीम मामले की जांच में जुटी है। घटना ने एक बार फिर बाजारों में फायर सेफ्टी और विद्युत सुरक्षा व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *