पीलीभीत। माधोटांडा क्षेत्र में शारदा सागर डैम से निकलने वाली खारजा नहर में नहाते समय डूबे बरेली के युवक का शव करीब 22 घंटे बाद बरामद कर लिया गया। शनिवार को दोस्तों के साथ घूमने आए युवक के नहर में लापता होने के बाद एसएसबी और प्रशासन की टीम लगातार तलाश में जुटी रही, लेकिन सफलता नहीं मिली। रविवार दोपहर गोताखोरों ने कई घंटे की मशक्कत के बाद शव को नहर से बाहर निकाल लिया। घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया।
मौज-मस्ती का पल बना जिंदगी का आखिरी सफर
नवाबगंज थाना क्षेत्र के गांव डारिया बीरम नगला निवासी मनीष उर्फ आकाश राठौर (21) पुत्र बहादुर अपने आठ दोस्तों के साथ माधोटांडा क्षेत्र घूमने आया था। सभी युवक पहले शारदा सागर डैम पहुंचे और बाद में खारजा नहर में नहाने लगे। इसी दौरान मनीष अचानक गहरे पानी में चला गया। स्थानीय लोगों के मुताबिक नहर में पानी का बहाव काफी तेज था और गहराई भी अधिक थी। मनीष को डूबता देख उसके दोस्तों ने बचाने का प्रयास किया, लेकिन वह देखते ही देखते पानी में समा गया। कुछ ही क्षणों में वह लापता हो गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
एसएसबी की तलाश नाकाम, गोताखोरों ने खोज निकाला शव
सूचना मिलने पर एसएसबी और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। मोटर बोट की मदद से शनिवार देर शाम तक नहर में सर्च ऑपरेशन चलाया गया, लेकिन युवक का कोई सुराग नहीं मिला। रविवार सुबह फिर अभियान शुरू किया गया और गोताखोरों को बुलाया गया। कई घंटे की तलाश के बाद दोपहर करीब एक बजे गोताखोरों ने युवक का शव नहर से बरामद कर लिया। युवक का शव मिलने की सूचना पर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। शव देखते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना से गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।