बरेली। सुभाषनगर क्षेत्र में सोमवार शाम एक युवक ने आत्महत्या कर ली। उसका शव घर के अंदर फंदे से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतक की पहचान कौशल कुमार पुत्र मनोज कुमार के रूप में हुई है। कौशल सीसीटीवी कैमरा इंस्टॉलेशन का काम करता था और परिवार की आर्थिक जिम्मेदारियों में हाथ बंटाता था। सोमवार दोपहर करीब चार बजे उसने घर के अंदर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों को जब इसकी जानकारी हुई तो उनके होश उड़ गए। देखते ही देखते घटना की खबर पूरे इलाके में फैल गई।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
स्थानीय लोगों के मुताबिक कौशल का व्यवहार सामान्य था और किसी विवाद की जानकारी भी सामने नहीं आई है। ऐसे में उसकी मौत ने सभी को झकझोर कर रख दिया है। गली में जमा लोगों के बीच एक ही सवाल चर्चा का विषय बना रहा कि आखिर इतनी कम उम्र में युवक ने ऐसा खौफनाक कदम क्यों उठाया। कौशल के पिता मनोज कुमार कारीगरी का काम करते हैं। परिवार मेहनत-मजदूरी कर अपना जीवनयापन करता है। बेटे की अचानक मौत ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। घर के बाहर लोगों की भीड़ लगी रही और परिजन बेसुध होकर रोते रहे।
जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही सुभाषनगर इंस्पेक्टर सतीश कुमार नैन पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। फील्ड यूनिट ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी भेज दिया। फिलहाल आत्महत्या के पीछे की वजह साफ नहीं हो सकी है। मौके से किसी सुसाइड नोट के मिलने की जानकारी नहीं है। पुलिस युवक के मोबाइल, उसकी गतिविधियों और पारिवारिक परिस्थितियों की पड़ताल कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के पीछे की असली वजह सामने आ सकेगी। फिलहाल सुभाष नगर की इस घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है।