Social Sharing icon

बरेली। फीनिक्स यूनाइटेड बरेली में मदर्स डे के अवसर पर एक खास और यादगार सेलिब्रेशन का आयोजन किया गया, जिसने मांओं और उनके परिवारों के चेहरों पर मुस्कान बिखेर दी। मॉल प्रशासन की ओर से आयोजित डिजिटल कैरीकेचर एक्टिविटी लोगों के आकर्षण का केंद्र रही। इस अनोखी पहल में महिलाओं, बच्चों और उनके परिवारों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया और यादगार पलों को कैमरे में कैद कराया।

मदर्स डे को खास बनाने के लिए मॉल परिसर को खूबसूरत थीम डेकोरेशन से सजाया गया था। सेल्फी प्वाइंट और फोटो जोन पर बड़ी संख्या में परिवार पहुंचे। यहां मदर्स ने अपने बच्चों, पति और परिवार के साथ खुशी-खुशी तस्वीरें खिंचवाईं। इन तस्वीरों को बाद में डिजिटल तकनीक के जरिए आकर्षक कैरीकेचर में बदला गया और सुंदर फ्रेम में सजाकर उपहार के रूप में परिवारों को भेंट किया गया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों का उत्साह भी देखने लायक था। कई बच्चों ने अपनी मांओं को गले लगाकर उनके साथ भावुक और खुशनुमा पल बिताए। पूरे आयोजन का माहौल पारिवारिक भावनाओं और अपनत्व से भरा नजर आया। मॉल में पहुंचीं महिलाओं ने कहा कि यह अनुभव उनके लिए बेहद खास रहा और यह यादें लंबे समय तक उनके दिल में ताजा रहेंगी।

फीनिक्स मिल्स के रिटेल डायरेक्टर (नॉर्थ) संजीव सरीन ने कहा कि मदर्स डे सिर्फ एक उत्सव नहीं, बल्कि माताओं के प्रेम, त्याग और समर्पण को सम्मान देने का अवसर है। उन्होंने कहा कि डिजिटल कैरीकेचर एक्टिविटी के जरिए इस दिन को यादगार बनाने की कोशिश की गई, ताकि परिवार अपने खूबसूरत पलों को हमेशा संजोकर रख सकें। उन्होंने बताया कि आधुनिक डिजिटल तकनीक के जरिए तैयार किए गए ये कैरीकेचर न केवल मनोरंजक रहे, बल्कि लोगों के लिए भावनात्मक रूप से भी बेहद खास साबित हुए। पूरे आयोजन के दौरान मॉल में उत्सव जैसा माहौल बना रहा और लोगों ने इस पहल की जमकर सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *