Social Sharing icon

अलीगढ़। महिलाओं से दिनदहाड़े कुंडल और जेवर लूटकर दहशत फैलाने वाले दो शातिर बदमाशों का रविवार देर शाम अलीगढ़ पुलिस ने एनकाउंटर कर दिया। मुठभेड़ में मारे गए बदमाशों की पहचान रजा मोहम्मद और मोमीन उर्फ मुबीन के रूप में हुई है। दोनों पर लूट और अन्य गंभीर अपराधों के कई मुकदमे दर्ज थे। पुलिस कार्रवाई के दौरान दो सिपाही भी घायल हुए हैं। 

पुलिस के अनुसार रविवार दोपहर अतरौली थाना क्षेत्र के गांव खेड़ा में पुष्पा देवी नाम की महिला जानवर चराकर लौट रही थीं। तभी बाइक सवार दो बदमाशों ने तमंचा दिखाकर उनके कुंडल लूट लिए। इससे पहले 17 मई को भकरोला गांव में खेतों में काम कर रही महिलाओं से भी इसी गैंग ने कुंडल, पाजेब और अन्य जेवर लूटे थे। लगातार हो रही घटनाओं से ग्रामीण इलाकों में डर का माहौल था।

खेतों और गांवों में फैला रखा था खौफ

पुलिस जांच में सामने आया कि बदमाश खासतौर पर खेतों में अकेली काम कर रही महिलाओं को निशाना बनाते थे। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देते थे। वारदात के बाद अलीगढ़ पुलिस ने कई टीमों को बदमाशों की तलाश में लगाया था।

पुलिस पर फायरिंग कर भागे, फिर घिर गए

रविवार सुबह खैर थाना क्षेत्र में पुलिस की नाकेबंदी के दौरान दोनों बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी और मौके से भाग निकले। दोपहर में हुई ताजा लूट के बाद यूपी-112 और स्थानीय पुलिस ने पूरे इलाके में घेराबंदी तेज कर दी। देर शाम मढौली गांव के पास पुलिस ने दोनों को घेर लिया। पुलिस ने आत्मसमर्पण के लिए कहा, लेकिन बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाश घायल हो गए। अस्पताल ले जाने पर उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।

दोनों पर दर्ज थे कई मुकदमे

पुलिस के मुताबिक रजा मोहम्मद हापुड़ जिले के सिंभावली थाना क्षेत्र के रजापुर गांव का रहने वाला था। उसके खिलाफ करीब 40 मुकदमे दर्ज थे, जिनमें महिलाओं से लूट की 27 से ज्यादा घटनाएं शामिल थीं। वह कुछ समय पहले ही जेल से बाहर आया था। वहीं मोमीन उर्फ मुबीन बुलंदशहर का निवासी था और उसके खिलाफ भी 27 मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। एसएसपी नीरज कुमार जादौन ने कहा कि दोनों बदमाश लंबे समय से महिलाओं को निशाना बना रहे थे। पुलिस लगातार उनकी तलाश में जुटी थी और आगे भी अपराधियों के खिलाफ सख्त अभियान जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *