बरेली। शहर के सबसे व्यस्त इलाकों में शामिल मोती पार्क बुधवार आधी रात उस वक्त चर्चा का केंद्र बन गया, जब पुलिस ने यहां चल रही जुए की महफिल पर ताबड़तोड़ रेड मार दी। ताश के पत्तों पर हजारों रुपये की बाजी लगाई जा रही थी। कोई “पान का गुलाम” मांग रहा था तो कोई “इक्का” आते ही जीत का शोर मचा रहा था। तभी अचानक पुलिस ने चारों तरफ से घेराबंदी कर पूरी फड़ दबोच ली। मौके से कारोबारी और व्यापारी समेत छह जुआरियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने करीब 29 हजार रुपये नगद, 52 ताश के पत्ते और जुए की फड़ बरामद की है।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बिछाया जाल
कोतवाली पुलिस बुधवार रात इलाके में गश्त और संदिग्धों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि मोती पार्क में कुछ लोग खुलेआम हार-जीत की बाजी लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम पार्क के आसपास पहुंच गई और छिपकर निगरानी शुरू कर दी। कुछ देर बाद पुलिस ने देखा कि कपड़े की फड़ बिछाकर ताश के पत्तों पर हजारों रुपये लगाए जा रहे हैं। इसी बीच एक जुआरी के “मेरे गुलाम का इक्का आ गया, मैं जीत गया” चिल्लाते ही पुलिस टीम ने दबिश दे दी। अचानक हुई कार्रवाई से वहां भगदड़ मच गई, लेकिन पुलिस ने छह लोगों को मौके पर ही पकड़ लिया।
बड़े बाजार और बमनपुरी के निकले जुआरी
पुलिस ने बड़ी बमनपुरी निवासी हर्षित रस्तौगी, गढ़िया निवासी श्रवण कुमार, सीताराम कूचा बड़ा बाजार निवासी अंकित मेहरा, दर्जी चौक बड़ा बाजार निवासी अनुराग कपूर, बड़ी बमनपुरी निवासी अनिकेत देवल और नितीश सिंघल को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि पकड़े गए कई आरोपी कारोबारी और व्यापारी पृष्ठभूमि से जुड़े हैं। देर रात पार्क में बैठकर मोटी रकम दांव पर लगाई जा रही थी।
फड़ से 22,800 रुपये, तलाशी में मिली अलग नकदी
इंस्पेक्टर कोतवाली धनंजय पांडे ने बताया कि जुए की फड़ से 22,800 रुपये बरामद हुए, जबकि आरोपियों की तलाशी में अलग-अलग रकम मिली। कुल बरामदगी 28,900 रुपये रही। इसके अलावा 52 ताश के पत्ते और मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ अधिनियम की धारा 13 के तहत कार्रवाई की गई है।
रातभर चर्चा में रही “मोती पार्क की जुए वाली पार्टी”
शहर के बीचोंबीच पार्क में इस तरह देर रात जुए की महफिल पकड़े जाने के बाद इलाके में देर रात तक चर्चाओं का दौर चलता रहा। स्थानीय लोगों का कहना है कि मोती पार्क में लंबे समय से रात के समय संदिग्ध गतिविधियां होती थीं, लेकिन पहली बार इतनी बड़ी कार्रवाई सामने आई है।
इन पुलिसकर्मियों ने पकड़ी जुए की फड़
कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक अनूप सिंह, उपनिरीक्षक वैभव गुप्ता, उपनिरीक्षक विक्रांत तोमर, हेड कांस्टेबल तस्वीरुल हसन, हेड कांस्टेबल सोमदत्त शर्मा, हेड कांस्टेबल वीरेंद्र कुमार, कांस्टेबल अश्वनी कुमार और कांस्टेबल विजिल मलिक शामिल रहे।