Social Sharing icon

उन्नाव। जिले के फतेहपुर चौरासी थाना क्षेत्र में शनिवार-रविवार की देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ से इलाके में हड़कंप मच गया। मिट्ठूखेड़ा रेलवे क्रॉसिंग के पास संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम पर बदमाशों ने फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में दो आरोपियों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। घायल बदमाशों को पहले सीएचसी ले जाया गया, जहां से जिला अस्पताल रेफर किया गया।

मुखबिर की सूचना पर हुई घेराबंदी

पुलिस के अनुसार देर रात सूचना मिली थी कि मिट्ठूखेड़ा रेलवे क्रॉसिंग के पास कुछ संदिग्ध युवक किसी वारदात की फिराक में खड़े हैं। सूचना मिलते ही फतेहपुर चौरासी थाना पुलिस, स्वॉट टीम और सर्विलांस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घेराबंदी कर संदिग्धों को रोकने की कोशिश की, लेकिन आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।

जवाबी कार्रवाई में दोनों आरोपियों के पैर में लगी गोली

पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें दोनों आरोपियों के पैर में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने उन्हें मौके से दबोच लिया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए।

13 मई की लूटकांड में शामिल होने की कबूली बात

क्षेत्राधिकारी सफीपुर सोनम सिंह ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों की पहचान राजीव कश्यप निवासी कानपुर नगर और गुड्डू उर्फ मुन्ना उर्फ सहराज निवासी कानपुर देहात के रूप में हुई है। दोनों ने पुलिस पूछताछ में 13 मई को हुई लूट की घटना में शामिल होने की बात स्वीकार की है। इस मामले में थाना सफीपुर में पहले से मुकदमा दर्ज था।

तमंचे और कारतूस बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो तमंचे 315 बोर, दो जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस अब दोनों आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जिले में अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *