Social Sharing icon

बांदा। उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में जमीन के विवाद ने एक परिवार को खून से लाल कर दिया। बबेरू कोतवाली क्षेत्र में रविवार सुबह बेटे ने अपनी ही मां और छोटे भाई को लाइसेंसी बंदूक से गोली मार दी। दोहरे हत्याकांड की खबर फैलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जबकि पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है।

तहसील परिसर के पीछे चली गोलियां, दहशत में लोग

घटना बबेरू तहसील परिसर के पीछे की बताई जा रही है। यहां रहने वाले राजकिशोर उर्फ गोविंद का परिवार में जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। रविवार सुबह विवाद अचानक इतना बढ़ गया कि गुस्से में आरोपी ने अपनी लाइसेंसी दो नाली बंदूक उठा ली और मां शांति देवी व छोटे भाई देवीदीन पर फायरिंग कर दी। गोली लगते ही दोनों जमीन पर गिर पड़े। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए। मौके पर चीख-पुकार मच गई और इलाके में अफरा-तफरी फैल गई।

बीच-बचाव में पत्नी भी हुई घायल

बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान आरोपी की पत्नी प्रभा बीच-बचाव करने पहुंची थी। इसी दौरान वह भी घायल हो गई। इसके बाद आरोपी और ज्यादा भड़क गया और उसने ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बबेरू पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

वारदात के बाद आरोपी फरार

घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी राजकिशोर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस टीम लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

क्या बोले एसपी?

पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि परिवार में पुस्तैनी जमीन बेचने को लेकर विवाद चल रहा था। इसी रंजिश में आरोपी ने घटना को अंजाम दिया। दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में मुकदमा दर्ज कर चार टीमें आरोपी की गिरफ्तारी में लगाई गई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *