Social Sharing icon

नोएडा। सेक्टर-94 में पानी भरे गड्ढे में डूबकर एमिटी यूनिवर्सिटी के छात्र हर्षित भट्ट की मौत अब सवालों के घेरे में आ गई है। जहां पुलिस इसे हादसा मान रही है, वहीं मां दीपमाला ने इसे साफ तौर पर हत्या करार दिया है। बेटे के शव पर मिले निशानों ने पूरे मामले को संदिग्ध बना दिया है।

पिकनिक बना मौत का जाल, दोस्तों के साथ गया था हर्षित

गाजियाबाद की शिप्रा रिवेरा सोसाइटी निवासी 23 वर्षीय हर्षित भट्ट बुधवार को परीक्षा खत्म होने के बाद अपने तीन दोस्तों के साथ सेक्टर-94 में सुपरनोवा के पीछे पिकनिक मनाने गया था। बताया जा रहा है कि चारों वहां शराब पार्टी कर रहे थे। इसी दौरान बेसमेंट के लिए खोदे गए गहरे गड्ढे में भरे पानी में हर्षित डूब गया। दोस्तों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी।

‘मेरे बेटे की हत्या हुई है’, मां के गंभीर आरोप

हर्षित की मां दीपमाला ने इस घटना को हत्या बताते हुए कई गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि बेटे के पूरे शरीर पर काले निशान थे, जैसे उसे बुरी तरह पीटा गया हो। उन्होंने दावा किया कि पीठ पर V-आकार के चोट के निशान भी थे, जो किसी हमले की ओर इशारा करते हैं। मां का कहना है कि हर्षित तैराकी में माहिर था। ऐसे में उसका डूबना सामान्य हादसा नहीं हो सकता। उन्होंने बताया कि हर्षित बेहद अनुशासित और जिम्मेदार था। पिता सेना में होने के कारण वह घर की जिम्मेदारी भी संभालता था।

दो दोस्तों की पहचान, तीसरे पर संदेह

दीपमाला ने बताया कि वह हर्षित के दो दोस्तों—हर्ष और व्यास—को जानती हैं, लेकिन तीसरे लड़के को नहीं पहचानतीं। उन्होंने कहा कि वह इन लड़कों के स्वभाव से भी अनजान हैं, जिससे उनके मन में और शक पैदा हो रहा है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले को हादसा मानकर जांच कर रही है, लेकिन मां के आरोपों के बाद केस ने नया मोड़ ले लिया है। अब सभी की नजर पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी है, जिससे मौत की असली वजह साफ हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *