Social Sharing icon

बरेली। जिले में स्वास्थ्य विभाग ने अवैध अल्ट्रासाउंड सेंटरों के खिलाफ बड़ा एक्शन लिया है। डीएम अविनाश सिंह और सीएमओ डॉ. विश्राम सिंह के निर्देश पर चली इस कार्रवाई ने शहर से लेकर देहात तक संचालकों में हड़कंप मचा दिया। कई केंद्रों पर एक साथ छापेमारी कर दस्तावेज खंगाले गए, जिसमें गंभीर अनियमितताएं सामने आईं।

बिना रजिस्ट्रेशन चल रहा सेंटर, मौके पर जड़ा ताला

निरीक्षण के दौरान बहेड़ी क्षेत्र में स्थित हिंद अल्ट्रासाउंड सेंटर पर बड़ी गड़बड़ी पकड़ी गई। डिप्टी सीएमओ डॉ. लईक अहमद अंसारी ने बताया कि सेंटर संचालक टीम को वैध पंजीकरण प्रमाण पत्र तक नहीं दिखा सके। इस गंभीर लापरवाही पर विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सेंटर को मौके पर ही सील कर दिया। संचालक को तीन दिन के भीतर सभी दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं, अन्यथा मुकदमा दर्ज करने की चेतावनी दी गई है।

कई सेंटरों पर छापा, दो मिले बंद

स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कुंडरा कोठी स्थित मन्नत अल्ट्रासाउंड, जीवन ज्योति अल्ट्रासाउंड और रिछा क्षेत्र के हर्ष कला अल्ट्रासाउंड सेंटर का भी निरीक्षण किया। इसके अलावा बहेड़ी इलाके में ग्लोबल, यूनिक, अरोरा, नियाजी और विद्या अल्ट्रासाउंड सेंटरों की जांच की गई। इस दौरान मैक्स और लाइफ लाइन अल्ट्रासाउंड सेंटर बंद मिले, जिस पर टीम ने कड़ी नाराजगी जताई।

साफ चेतावनी: नियम तोड़े तो होगी सख्त कार्रवाई

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बिना पंजीकरण या नियमों के उल्लंघन के साथ कोई भी अल्ट्रासाउंड सेंटर संचालित नहीं होने दिया जाएगा। जनता की सेहत से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और जरूरत पड़ने पर एफआईआर भी दर्ज कराई जाएगी।

टीम में शामिल रहे ये अधिकारी

इस छापेमारी अभियान में नोडल अधिकारी डिप्टी सीएमओ डॉ. लईक अहमद अंसारी के साथ राहुल शर्मा, राजेश कुमार और विपिन कुमार की टीम शामिल रही, जिन्होंने अलग-अलग क्षेत्रों में पहुंचकर जांच की और कार्रवाई को अंजाम दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *