Social Sharing icon

बरेली। शहर के जिला महिला अस्पताल में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब अस्पताल से 21 दिन का एक नवजात बच्चा रहस्यमय तरीके से गायब हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। परिजनों ने बच्चे के चोरी होने का आरोप लगाया है, जबकि सूचना पर पहुंची पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।

मां बेहोश मिली, बच्चे का नहीं लगा सुराग

बताया जा रहा है कि नवजात की मां शबाना अस्पताल में भर्ती थी। अचानक बच्चा वार्ड से गायब हो गया। कुछ देर बाद शबाना अस्पताल के मलेरिया वार्ड की तरफ बेहोश अवस्था में मिली। परिजनों का आरोप है कि इसी दौरान किसी ने बच्चे को चुरा लिया। जब मां को होश आया तो बच्चा पास में नहीं था, जिससे परिवार में कोहराम मच गया।

परतापुर चौधरी का रहने वाला है परिवार

बच्चे के चाचा फहीम ने बताया कि उनका परिवार थाना इज्जतनगर क्षेत्र के परतापुर चौधरी का रहने वाला है। बच्चे के पिता मकसूद खां जरी का काम करते हैं। परिवार का आरोप है कि अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था बेहद लचर है, जिसकी वजह से यह घटना हुई।

पुलिस जांच में जुटी, अस्पताल प्रशासन ने जताई अनभिज्ञता

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। वहीं जिला महिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. त्रिभुवन प्रसाद का कहना है कि उनके संज्ञान में अभी तक ऐसा कोई मामला नहीं आया है। हालांकि पुलिस और अस्पताल प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटे हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *