बरेली। राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को बारादरी थाना क्षेत्र में प्रशासन की संयुक्त टीम ने अभियान चलाकर तंबाकू और धूम्रपान के खिलाफ कार्रवाई की। मौलाना आजाद इंटर कॉलेज और रोहिलखंड यूनिवर्सिटी के आसपास टीम ने पहुंचकर दुकानदारों और लोगों को तंबाकू के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक किया।
नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई, कटे चालान
अभियान के दौरान कोटपा एक्ट 2003 की धारा 6 बी के तहत शिक्षण संस्थानों के आसपास तंबाकू बिक्री और सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान करने वालों पर कार्रवाई की गई। टीम ने मौके पर 7 लोगों के चालान काटे और उनसे कुल 1350 रुपये का शमन शुल्क वसूला।
स्वास्थ्य, नगर निगम और पुलिस की संयुक्त टीम
यह कार्रवाई तंबाकू नियंत्रण अधिकारी अजय पाल सिंह गंगवार के नेतृत्व में की गई। अभियान में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के प्रतिनिधि अजय आनंद, नगर निगम के चीफ फूड इंस्पेक्टर महेन्द्र प्रताप सिंह राठौर, चौकी इंचार्ज श्यामतगंज और रोहिलखंड यूनिवर्सिटी चौकी की पुलिस टीम ने भी सहयोग किया। अधिकारियों ने बताया कि जनपद में तंबाकू के खिलाफ ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।