बरेली। शहर कोतवाली क्षेत्र के मठ की चौकी इलाके में गुरुवार रात मामूली टक्कर को लेकर बवाल हो गया। देखते ही देखते दो समुदाय के लोग आमने-सामने आ गए और जमकर मारपीट होने लगी। लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर चलने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। इस झड़प में चार लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और सीओ प्रथम आशुतोष शिवम फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और हालात को काबू में किया।
साइकिल से जा रही लड़की को लगी टक्कर, यहीं से शुरू हुआ विवाद
बताया जा रहा है कि रात करीब 9:30 बजे एक लड़की साइकिल से जा रही थी। इसी दौरान पीछे से आई एक स्कूटी ने उसकी साइकिल में टक्कर मार दी। आसपास मौजूद लोगों ने इस बात को लेकर स्कूटी सवार से सवाल-जवाब शुरू कर दिए। कुछ ही देर में कहासुनी बढ़ गई और माहौल गरमा गया।
बात बढ़ी तो दोनों पक्षों में जमकर मारपीट
इसी दौरान बाइक से शीतलपुर निवासी जुनैद, जुबैर और नावेद भी वहां पहुंच गए। टक्कर को लेकर दोनों पक्षों में आरोप-प्रत्यारोप शुरू हो गए। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि दोनों ओर से लाठी-डंडे चलने लगे। मारपीट में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें पुलिस ने जिला अस्पताल भिजवाया।
हिंदू पक्ष बोला—विक्की को घेरकर पीटा
मठ की चौकी निवासी विक्की, जो बांसमंडी में चाय का खोखा चलाते हैं, के परिजनों का आरोप है कि विवाद के दौरान विक्की को घेरकर पीटा गया। उनके भाई का कहना है कि कई लोगों ने मिलकर विक्की पर हमला किया, जिससे वह बुरी तरह घायल हो गया।
दूसरा पक्ष बोला—मदद करने पहुंचे थे, हम पर ही हमला हुआ
वहीं दूसरे पक्ष का कहना है कि जुनैद, जुबैर और नावेद वहां लड़की को उठाने और मदद करने पहुंचे थे। लेकिन उन्हें ही टक्कर का जिम्मेदार बताकर घेर लिया गया और मारपीट कर दी गई।
पुलिस ने संभाला मोर्चा, कई लोग हिरासत में
दो समुदायों के बीच झड़प की सूचना मिलते ही कोतवाली इंस्पेक्टर सुरेश चंद्र गौतम और सीओ प्रथम आशुतोष शिवम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने हालात को नियंत्रित करते हुए घायलों को अस्पताल पहुंचाया और कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामले की जांच की जा रही है।
दोनों पक्षों की तहरीर ली गई, जांच के बाद होगी कार्रवाई: एसपी सिटी
एसपी सिटी मानुष पारीक ने बताया कि मामले में दोनों पक्षों से तहरीर ले ली गई है। पूरे घटनाक्रम की जांच कराई जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।