बरेली। भमोरा थाना क्षेत्र के एक गांव में प्रेम संबंध का दर्दनाक अंत हो गया। प्रेमी के फंदे से झूलने के दो दिन बाद जहर खाने वाली युवती ने भी दम तोड़ दिया। युवती का शहर के एक निजी अस्पताल में उपचार चल रहा था, जहां बुधवार शाम उसकी मौत हो गई। परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बिना ही उसका अंतिम संस्कार कर दिया। घटना के बाद गांव में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है।
ग्रामीणों के अनुसार गांव निवासी 22 वर्षीय कृष्णपाल का पड़ोस की युवती से कई वर्षों से प्रेम संबंध था। दोनों एक ही बिरादरी के थे और शादी करना चाहते थे, लेकिन युवती के परिजन इस रिश्ते के लिए तैयार नहीं थे। बताया जाता है कि इसी बात को लेकर दोनों मानसिक तनाव में थे।
खेत में पेड़ से लटका मिला था युवक
मंगलवार सुबह गांव के पास खेत में एक पेड़ पर युवक का शव रस्सी से लटका मिला था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाया। उसकी पहचान गांव निवासी कृष्णपाल के रूप में हुई। थाना प्रभारी सनी चौधरी ने मौके पर पहुंचकर परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ की। परिवार के लोग घटना को लेकर कुछ भी बोलने से बचते रहे, लेकिन ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि मामला प्रेम संबंध से जुड़ा हुआ है।
शादी न हो पाने से अवसाद में थे दोनों
ग्रामीणों का कहना है कि युवती के परिवार वाले इस रिश्ते को स्वीकार नहीं कर रहे थे। चर्चा है कि शादी न हो पाने के कारण दोनों अवसाद में थे। बताया जा रहा है कि तीन दिन पहले दोनों ने जान देने का फैसला किया था। दो दिन पहले युवती ने जहर खा लिया था। इसकी जानकारी होने पर कृष्णपाल ने मंगलवार सुबह खेत में पेड़ से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
इलाज के दौरान युवती ने भी तोड़ा दम
जहर खाने के बाद युवती को शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उसका इलाज चल रहा था। बुधवार शाम उपचार के दौरान उसकी भी मौत हो गई। बताया गया है कि युवती के परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बिना ही अंतिम संस्कार कर दिया। घटना के बाद गांव में चर्चा का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि अगर परिवारों के बीच सहमति बन जाती तो शायद दो जिंदगियां बच सकती थीं।