Social Sharing icon

बरेली। प्रेमनगर में सुबह का वक्त था। मूर्ति नर्सिंग होम के पास कमरे में ऑनलाइन सट्टे की क्लास चल रही थी, स्क्रीन पर रेट चढ़-उतर रहे थे। अचानक धड़धड़ करते हुये दरवाजा खुला और भीतर घुसी एसओजी की टीम। टीम ने माधोबाड़ी नरकुलागंज निवासी मनोज गोयल और उसके साथी सौरभ व एक अन्य को रंगे हाथ दबोच लिया। मौके से लैपटॉप, मोबाइल और संदिग्ध दस्तावेज बरामद हुये हैं। प्रेमनगर थाने में तीनों के खिलाफ गैंबलर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर चालान कर दिया गया।

उत्सव बारात घर के सामने चलता था सट्टे का खेल


नरकुलागंज निवासी मनोज गोयल का ऑफिस उत्सव बारात घर के सामने, मूर्ति नर्सिंग होम के पास संचालित था। इसी ठिकाने से एमसीएक्स के नाम पर ऑनलाइन सट्टेबाजी का नेटवर्क चलाया जा रहा था। आरोप है कि गैंग करोड़ों रुपये का दांव लगवाकर सरकारी टैक्स की चोरी कर रहा था। लंबे समय से इसकी भनक पुलिस को लग रही थी। इनपुट पुख्ता होने पर एसओजी टीम ने प्रेमनगर इलाके में छापा मारा और आरोपियों को मौके से पकड़ लिया।

लैपटॉप-मोबाइल में सट्टे के राज


रेड के दौरान बरामद लैपटॉप और मोबाइल की प्राथमिक जांच में संदिग्ध डेटा मिला है। ऑनलाइन ट्रांजेक्शन, चैट रिकॉर्ड और दांव के हिसाब-किताब की एंट्री सामने आने की बात कही जा रही है। पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक सबूत सीज कर फोरेंसिक जांच की तैयारी शुरू कर दी है। पूछताछ में भी कई अहम जानकारी मिलने के संकेत हैं। गैंग के नेटवर्क और अन्य सहयोगियों की तलाश में छानबीन तेज कर दी गई है।

गैंबलर एक्ट में एफआईआर, नेटवर्क की पड़ताल जारी


प्रेमनगर थाने में आरोपियों के खिलाफ गैंबलर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। इंस्पेक्टर प्रेमनगर सुरेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस ने कार्रवाई के बाद दोनों का चालान कर दिया। आरोपी टैक्स चोरी और मनी ट्रेल की भी जांच की जा रही है। जरूरत पड़ी तो अन्य धाराएं भी बढ़ाई जाएंगी। एसओजी की इस कार्रवाई से एमसीएक्स के नाम पर चल रहे कथित सट्टा नेटवर्क में हड़कंप मच गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *