बरेली। सियासत में आगे बढ़ाने का सपना दिखाकर एक दलित विधवा को हवस और ब्लैकमेलिंग का शिकार बनाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बहुजन सम्यक पार्टी (मिशन) के अध्यक्ष पर पार्टी में उपाध्यक्ष बनाने का झांसा देकर महिला से दुष्कर्म करने और अश्लील वीडियो बनाने का आरोप है। इतना ही नहीं, वीडियो वायरल करने की धमकी देकर अपने साथी से भी दुष्कर्म कराने और पांच लाख रुपये वसूलने का आरोप है। इज्जतनगर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर पार्टी अध्यक्ष रक्षपाल सागर और उसके साथी जितेंद्र गंगवार उर्फ बिल्ला को गिरफ्तार कर लिया है।
सियासत में मुकाम दिलाने का सपना दिखाकर फंसाया
हाफिजगंज थाना क्षेत्र की रहने वाली पीड़िता ने पुलिस को बताया कि रिठौरा निवासी रक्षपाल सागर बहुजन सम्यक पार्टी (मिशन) का अध्यक्ष है। उसने पार्टी में उपाध्यक्ष बनाने का भरोसा देकर महिला से नजदीकियां बढ़ाईं। इसके बाद महिला पार्टी कार्यालय में काम करने के साथ ही प्रचार-प्रसार करने लगीं। आरोप है कि मार्च 2025 में रक्षपाल ने तुलाशेरपुर स्थित पार्टी कार्यालय में कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर महिला को पिला दिया। इसके बाद दुष्कर्म किया और अश्लील वीडियो बना लिया।
बरेली से लखनऊ तक नहीं थमा उत्पीड़न
पीड़िता का आरोप है कि अश्लील वीडियो को हथियार बनाकर रक्षपाल लगातार उनका यौन शोषण करता रहा। विरोध करने पर बदनाम करने और वीडियो वायरल करने की धमकी दी जाती थी। आरोप है कि 10 अक्टूबर 2025 को रक्षपाल महिला को लखनऊ ले गया, जहां वीडियो वायरल करने की धमकी देकर अपने साथी जितेंद्र गंगवार उर्फ बिल्ला से भी दुष्कर्म कराया।
बेटी की शादी तुड़वाने की धमकी, गिरवी रखने पड़े जेवर
पीड़िता के मुताबिक, दोनों आरोपियों ने उनकी बेटी की शादी तुड़वाने तक की धमकी दी। अश्लील वीडियो डिलीट करने के बदले मोटी रकम की मांग की गई। फरवरी से अगस्त 2026 के बीच आरोपियों ने महिला से पांच लाख रुपये वसूल लिए। बदनामी के डर से महिला को अपने जेवर तक गिरवी रखने पड़े। आरोपियों की ओर से धमकी भरे मैसेज भी भेजे जाते थे।
आखिरकार तोड़ी चुप्पी, पुलिस के हत्थे चढ़े दोनों आरोपी
लगातार यौन उत्पीड़न, धमकियों और ब्लैकमेलिंग से परेशान महिला ने आखिरकार चुप्पी तोड़ते हुए पुलिस से शिकायत की। इज्जतनगर पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर बहुजन सम्यक पार्टी के अध्यक्ष रक्षपाल सागर और उसके साथी जितेंद्र गंगवार उर्फ बिल्ला को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों को रविवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा।