बरेली। शहर की सड़कों पर कूड़े के ढेर, डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन में लापरवाही और सफाई एजेंसियों की मनमानी पर अब नगर निगम शिकंजा कसने की तैयारी में है। बुधवार को स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक में नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने सख्त तेवर दिखाते हुए सफाई व्यवस्था में आमूलचूल बदलाव लाने के निर्देश दिए। सड़क पर कूड़ा फेंकने वालों पर जुर्माना लगाने से लेकर लापरवाह एजेंसियों की जवाबदेही तय करने तक नौ अहम निर्देश दिए गए हैं। अब निगम की सफाई व्यवस्था की हकीकत जनता से मिले फीडबैक के जरिए परखी जाएगी।
सड़क पर फेंका कूड़ा तो जेब पर पड़ेगी चोट
घर का कचरा सड़क, गली और सार्वजनिक स्थानों पर फेंकने वालों की मुश्किलें बढ़ने वाली हैं। नगर आयुक्त ने गंदगी फैलाने वालों को चिह्नित कर नोटिस जारी करने और जुर्माना लगाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही शहर के सभी इलाकों से नियमित रूप से कूड़ा उठाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा है। वहीं डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन व्यवस्था में बड़े बदलाव की तैयारी है। नगर आयुक्त ने स्वास्थ्य विभाग को जमीनी स्तर तक कूड़ा कलेक्शन और गीले-सूखे कचरे के पृथक्करण की समीक्षा करने के निर्देश दिए हैं। सभी क्षेत्रों में घरों से फीडबैक लिया जाएगा। जिन इलाकों में कूड़ा उठाने की व्यवस्था कमजोर मिलेगी, वहां सुधार कराया जाएगा।
डलावघरों को खत्म करने की तैयारी, कूड़ा गिराया तो कार्रवाई
शहर की सूरत बिगाड़ रहे डलावघरों को खत्म करने पर विशेष जोर दिया गया है। नगर आयुक्त ने निर्देश दिए कि कचरा किसी भी सूरत में सड़क पर नहीं गिरना चाहिए। यदि नगर निगम या डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन में लगी गाड़ियों से रास्ते में कचरा गिरता है तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। नगर निगम के वाहनों के संचालन को लेकर भी सख्त निर्देश जारी किए गए हैं। जिस चालक को वाहन आवंटित किया गया है, वही उसे चलाएगा। यदि कोई दूसरा व्यक्ति वाहन चलाता है और हादसा होता है तो संबंधित एजेंसी सीधे तौर पर जिम्मेदार होगी। इसके अलावा सड़क हादसों की आशंका कम करने के लिए निगम के सभी वाहनों पर रिफ्लेक्टर लगाना अनिवार्य किया गया है।
कागजों से नहीं, जनता के फीडबैक से परखी जाएगी व्यवस्था
शहर में सफाई व्यवस्था कितनी बेहतर है और निगम की सेवाओं का लाभ लोगों तक पहुंच रहा है या नहीं, इसका आकलन नागरिकों से मिले फीडबैक के आधार पर किया जाएगा। जिन इलाकों में सफाई और कूड़ा कलेक्शन को लेकर शिकायतें सामने आएंगी, वहां विशेष ध्यान दिया जाएगा। आईईसी टीम के माध्यम से नियमित स्वच्छता जागरूकता अभियान चलाए जाएंगे और स्थानीय स्तर पर उनके प्रभाव की समीक्षा भी होगी।
नगर आयुक्त मौर्य का साफ संदेश, सफाई में लापरवाही स्वीकार नहीं
नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने समीक्षा बैठक में सफाई व्यवस्था को प्रभावी बनाने और स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली में जमीनी स्तर पर बदलाव लाने पर जोर दिया। उन्होंने नागरिकों से मिले फीडबैक के आधार पर निगम की सेवाओं में सुधार करने, गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ सख्ती बरतने और संबंधित एजेंसियों की जवाबदेही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निगम का फोकस अब नियमित कूड़ा उठान, बेहतर कचरा प्रबंधन और शहर को स्वच्छ बनाने पर रहेगा।