बरेली। विधानसभा चुनाव 2027 में धनबल के दम पर वोटरों को प्रभावित करने की कोशिश करने वालों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। चुनाव से पहले ही बरेली प्रशासन ने अवैध नकदी, शराब और दूसरे प्रलोभनों पर शिकंजा कसने की तैयारी शुरू कर दी है। इस बार सिर्फ सड़कों पर दौड़ने वाली गाड़ियों और नकदी की आवाजाही पर ही नजर नहीं रहेगी, बल्कि बैंक खातों में अचानक आने वाली मोटी रकम और संदिग्ध डिजिटल ट्रांजेक्शन भी निगरानी के दायरे में होंगे। सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में हुई जिला इंटेलिजेंस कमेटी की बैठक में जिले की सभी नौ विधानसभा सीटों पर चुनावी गतिविधियों की निगरानी का खाका तैयार किया गया। डीएम ने कहा चुनाव में अवैध धन और प्रलोभन सामग्री के इस्तेमाल को रोकने के लिए कई विभाग मिलकर काम करेंगे।
बैठक के दौरान डीएम अविनाश सिंह ने विधानसभा चुनाव में मतदाताओं को नकदी, शराब या दूसरे लालच देकर प्रभावित करने की आशंका को देखते हुए संवेदनशील इलाकों की पहचान शुरू करने के निर्देश दिए हैं। जिले की सभी नौ विधानसभा सीटों पर ऐसे स्थान चिह्नित किए जाएंगे, जहां चुनावी खर्च से जुड़ी संदिग्ध गतिविधियां सामने आने की आशंका है। पिछले चुनावों में मिली शिकायतों, घटनाओं और खुफिया सूचनाओं को भी इसका आधार बनाया जाएगा। इन स्थानों का सत्यापन करने के बाद निगरानी का दायरा बढ़ाया जाएगा। चुनाव के दौरान अवैध नकदी, शराब, नशीले पदार्थों और बहुमूल्य धातुओं के जरिए मतदाताओं को प्रभावित करने की कोशिशों पर प्रशासन की नजर रहेगी। इनकी संदिग्ध ढुलाई, भंडारण और वितरण को रोकने के लिए पुलिस, आबकारी, आयकर, जीएसटी और नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) समेत अन्य एजेंसियां मिलकर काम करेंगी। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना संबंधित विभागों तक पहुंचाई जाएगी, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
बैंक खातों में अचानक आई मोटी रकम तो बढ़ सकती हैं मुश्किलें
इस बार चुनावी निगरानी का दायरा बैंकिंग सिस्टम तक बढ़ाया जा रहा है। बैंक खातों में असामान्य रूप से बड़ी रकम जमा होने या अचानक नकदी निकाले जाने जैसी गतिविधियों पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। संदिग्ध डिजिटल लेन-देन की भी निगरानी होगी। प्रशासन का मकसद यह पता लगाना है कि कहीं चुनाव के दौरान मतदाताओं को प्रभावित करने के लिए अवैध तरीके से धन का इस्तेमाल तो नहीं किया जा रहा। हालांकि, हर बड़े लेन-देन को संदिग्ध नहीं माना जाएगा, बल्कि असामान्य गतिविधियों की जांच की जाएगी। चुनाव से ठीक पहले के आखिरी 72 घंटे प्रशासन के लिए बेहद अहम होंगे। इस दौरान संवेदनशील स्थानों पर निगरानी और सख्त करने की रणनीति बनाई गई है। फ्लाइंग स्क्वॉड और स्टैटिक सर्विलांस टीमें चिह्नित स्थानों पर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखेंगी। चुनावी खर्च और मतदाताओं को प्रलोभन देने से जुड़ी शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई करने को कहा गया है। प्रशासन की कोशिश है कि मतदान से पहले अवैध धन या सामग्री के वितरण की किसी भी कोशिश को रोका जा सके।
थानेदारों से लेकर चौकी प्रभारियों तक को किया जाएगा अलर्ट
चुनावी निगरानी में स्थानीय पुलिस की भूमिका भी अहम रहने वाली है। पुलिस विभाग को सभी थाना प्रभारियों और चौकी प्रभारियों की बैठक बुलाकर उन्हें सक्रिय करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ईआरओ) को भी संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी के लिए सतर्क किया जाएगा। पुराने चुनावी विवादों, शिकायतों और संदिग्ध गतिविधियों का रिकॉर्ड खंगालकर ऐसे स्थानों की पहचान की जाएगी, जहां विशेष निगरानी की जरूरत है। चुनावी गड़बड़ियों को रोकने के लिए इस बार अलग-अलग विभागों के बीच सूचनाओं का तालमेल मजबूत करने पर जोर दिया गया है। पुलिस से लेकर आयकर, आबकारी, जीएसटी और अन्य प्रवर्तन एजेंसियों को संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी साझा करने के निर्देश दिए गए हैं। बैठक में स्पष्ट किया गया कि चुनावी खर्च से जुड़ी शिकायतों को गंभीरता से लिया जाए और संदिग्ध मामलों में बिना देरी आवश्यक कार्रवाई की जाए।
कलेक्ट्रेट में जुटे अफसर, चुनावी निगरानी की रणनीति पर मंथन
कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी संतोष कुमार सिंह, एसपी सिटी चिराग जैन, मुख्य कोषाधिकारी शैलेश कुमार, आयकर अधिकारी अजय श्रीवास्तव, डिप्टी कमिश्नर ऑडिट संजय गौतम, जिला आबकारी अधिकारी, जीएसटी विभाग के नामित अधिकारी और अग्रणी जिला प्रबंधक समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में चुनावी खर्च की निगरानी, संवेदनशील इलाकों की पहचान और विभागों के बीच बेहतर तालमेल पर विस्तार से चर्चा हुई। प्रशासन की इस कवायद से साफ है कि विधानसभा चुनाव 2027 से पहले बरेली में धनबल और अवैध प्रलोभनों के इस्तेमाल पर अंकुश लगाने की तैयारियां तेज हो गई हैं।